Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Haryana Politics: एक नगर निगम में BJP के 10-15 दावेदार, जल्द किए जाएंगे नाम शॉर्ट लिस्ट; चुनाव को लेकर दिल्ली में मंथन

    Updated: Mon, 10 Feb 2025 12:02 AM (IST)

    हरियाणा भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में शहरी निकाय चुनाव के लिए दावेदारों के नामों पर चर्चा हुई। बैठक में दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर खुशी जताई गई और शहरी निकाय चुनाव में भी जबरदस्त जीत हासिल करने की रणनीति बनाई गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के सभी शहरी निकायों में भाजपा की जीत होगी।

    Hero Image
    हरियाणा नगर निगम चुनाव को लेकर दिल्ली में मंथन करते सीएम नायब सैनी।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में शहरी निकाय चुनाव लड़ने के दावेदार नेताओं के नामों पर दिल्ली में मंथन किया गया। हरियाणा भाजपा के प्रभारी डा. सतीश पुनिया की अध्यक्षता में हरियाणा भवन में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और प्रदेश संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने नगर निगमों, नगर परिषदों व नगर पालिका अध्यक्षों के लिए चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों के नाम कमेटी की बैठक में रखे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर की मौजूदगी में हुई बैठक में बताया गया कि शहरी निकाय चुनाव लड़ने के लिए कार्यकर्ताओं व नेताओं में जबरदस्त उत्साह है।

    बैठक में बीजेपी की जीत पर खुशी

    एक नगर निगम से 10 से 15 लोगों ने अपनी दावेदारी जताई है। कोर कमेटी ने इन नामों को शार्ट लिस्ट करने के लिए दो से तीन दावेदारों के नामों का पैनल तैयार करने के लिए कहा। इस कार्य के लिए प्रदेश अध्यक्ष व तीनों महामंत्रियों को अधिकृत किया गया।

    कोर कमेटी की बैठक में दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर खुशी जताई गई। साथ ही शहरी निकाय चुनाव में जबरदस्त जीत हासिल करने के लिए जिताऊ उम्मीदवार चुनावी रण में उतारने की बात कही गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली के चुनाव में पिछली तीन बार से कांग्रेस का जीरो से मुकाबला चल रहा है।

    घोषित किए जाएंगे उम्मीदवारों के नाम

    हरियाणा के शहरी निकाय चुनाव में सारी सीटों पर भाजपा की जीत होगी। उन्होंने बताया कि कोर कमेटी बैठक में नगर निकाय चुनाव की रणनीति का नियोजन करने के साथ ही संगठनात्मक एवं अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

    मुख्यमंत्री के अनुसार छह व सात फरवरी को चुनाव लड़ने वाले कार्यकर्ताओं का बायोडाटा लिया गया है और आठ फरवरी को जिन जगहों पर चुनाव हैं, उन जगहों पर बैठक की गई है। अब हमारे पास पैनल आए हैं। बैठक में उन पर विस्तृत चर्चा की जा चुकी है, जिन्हें जल्दी शार्टलिस्ट करने के बाद उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिये जाएंगे।

    हरियाणा को बनाना है विकसित

    बता दें कि भाजपा पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मेरे परिवारजनों ने मन बना लिया है कि प्रदेश में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार को लाना है और नान-स्टाप विकास की गति को तीन गुना बढ़ाकर हरियाणा को विकसित बनाना है।

    हरियाणा भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, डा. अरविंद शर्मा, कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व मंत्री डा. कमल गुप्ता, जेपी दलाल, सांसद रामचंद्र जांगड़ा, धर्मबीर सिंह, कुलदीप बिश्नोई, सुनीता दुग्गल और ज्ञानचंद गुप्ता ने भागीदारी की।

    यह भी पढ़ें- Haryana politics: नगर निगम के साथ परिषद प्रधान का चुनाव भी पार्टी सिंबल पर लड़ेगी कांग्रेस, उदयभान ने मांगे आवेदन