विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा पुलिस के 10 जांबाजों को मिलेगा केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक, आतंक-रोधी अभियान के लिए होंगे सम्मानित

Published: Mon, 02 Nov 2026 06:03 AM (IST)

हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के 10 अधिकारियों और कर्मचारियों को 2026 के प्रतिष्ठित केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए चुना गया है।

हरियाणा पुलिस के जांबाजों को मिलेगा केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक। फोटो जागरण

हरियाणा पुलिस के जांबाजों को मिलेगा केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक। फोटो जागरण

HighLights

  1. हरियाणा पुलिस एसटीएफ के 10 कर्मियों को पदक।

  2. आतंकवाद-रोधी व खुफिया अभियानों में उत्कृष्ट योगदान।

  3. गैंगस्टर वेंकट गर्ग का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रत्यर्पण।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यकुशलता, अदम्य साहस और पेशेवर दक्षता का लोहा मनवाते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के 10 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का चयन किया गया है।

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर घोषित इन पदकों में पुलिसकर्मियों को इंटेलिजेंस और स्पेशल आपरेशन (आतंकवाद-रोधी) श्रेणियों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक फरवरी 2024 को इस पदक की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों के असाधारण कौशल, विशिष्ट सेवा और चुनौतीपूर्ण अभियानों में उत्कृष्ट योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देना है। इंटेलिजेंस श्रेणी में एसटीएफ के एसएसपी वसीम अकरम, डीएसपी प्रदीप, सब-इंस्पेक्टर वरुण और सिपाही वरुण जांगड़ा को पदक के लिए चुना गया है।

आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क के खिलाफ चलाया अभियान 

वहीं, स्पेशल आपरेशन श्रेणी में डीएसपी अमन कुमार, सब-इंस्पेक्टर गौरव सिंह, रणदीप सिंह, कपिल, संदीप और सिपाही साजन सिंह को यह सम्मान मिलेगा। स्पेशल आपरेशन श्रेणी में चयन का प्रमुख आधार पाकिस्तान स्थित आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क के खिलाफ चलाया गया सफल अभियान रहा।

एसटीएफ ने सटीक खुफिया सूचनाओं, तकनीकी निगरानी, डिजिटल साक्ष्यों और विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय के जरिए हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में फैले आतंकी माड्यूल का पर्दाफाश किया था। इस कार्रवाई में कुल 24 आतंकियों एवं उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया।

डीजीपी ने दी बधाई

इंटेलिजेंस श्रेणी में एसटीएफ की टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और अवैध हथियारों समेत 34 गंभीर मामलों में वांछित अंबाला निवासी गैंग्सटरर वेंकट गर्ग को जार्जिया से भारत प्रत्यर्पित करवाने में अहम भूमिका निभाई। आरोपित को 11 जून 2026 को भारत लाया गया। उसके विदेश जाने से पहले 23 और विदेश में रहते हुए 11 आपराधिक मामले दर्ज हुए थे।

पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सभी चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान हरियाणा पुलिस की पेशेवर दक्षता, समर्पण, टीमवर्क और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वांछित अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाने में एसटीएफ का योगदान सराहनीय है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।