श्रावस्ती एनसीसी ट्रैकिंग कैंप में 510 कैडेट्स ने सीखा साहस और अनुशासन
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में आयोजित यूपी ट्रैकिंग कैंप में हरियाणा सहित विभिन्न डायरेक्टोरेट के 510 एनसीसी कैडेट्स ने भाग ...और पढ़ें

श्रावस्ती एनसीसी ट्रैकिंग कैंप में 510 कैडेट्स ने सीखा साहस और अनुशासन (एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
श्रावस्ती में यूपी ट्रैकिंग कैंप का सफल आयोजन हुआ।
510 एनसीसी कैडेट्स ने विभिन्न स्थलों की ट्रैकिंग की।
कैडेट्स ने साहस, अनुशासन और टीम भावना का अनुभव किया।
जागरण संवाददाता, पलवल। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती स्थित बनवारी देवी अशोक कुमार इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में आयोजित यूपी ट्रैकिंग कैंप का सफल आयोजन हुआ।
51 बटालियन एनसीसी, उत्तर प्रदेश के कैंप कमांडर कर्नल अनुराग गंजवार के निर्देशन में आयोजित इस कैंप में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली डायरेक्टोरेट के 510 कैडेट्स ने भाग लिया।
कैडेट्स ने प्राकृतिक स्थलों की ट्रैकिंग की: कैप्टन उदय सिंह
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पलवल (आईटीआई) के एनसीसी अधिकारी कैप्टन उदय सिंह ने बताया कि कैंप के दौरान वन विभाग और फारेस्ट रेंजर्स के सहयोग से कैडेट्स ने सोहेलदेव फारेस्ट रेंज, राजिया ताल, भसाई नाका, रामपुर बांध, सोनपथरी बार्डर और विभूतिनाथ मंदिर जैसे ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों की ट्रैकिंग की।
दुर्गम रास्तों पर ट्रैकिंग के माध्यम से कैडेट्स को साहस, अनुशासन, नेतृत्व और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का व्यावहारिक अनुभव मिला। कैडेट्स ने भगवान बुद्ध की तपोस्थली श्रावस्ती का भ्रमण भी किया। यहां उन्हें बौद्ध दर्शन, शांति, शील और करुणा के महत्व की जानकारी दी गई।
अधिकारियों को सम्मान स्वरूप कंबल भेंट किए गए
कैडेट्स ने थाईलैंड के एक चिकित्सक द्वारा विकसित विशाल पीतल की बुद्ध प्रतिमा, ध्यान केंद्र तथा थाईलैंड से लाए गए लगभग 9,900 बरगद के वृक्षों से विकसित वन क्षेत्र का अवलोकन किया। इस अवसर पर अधिकारियों को सम्मान स्वरूप कंबल एवं बरगद के पौधे भेंट किए गए।
कैंप में वालीबाल, रस्साकशी और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स, विजेता टीमों और सहयोगी स्टाफ को कर्नल अनुराग गंजवार ने मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
एनसीसी अधिकारी कैप्टन उदय सिंह ने बताया कि ऐसे ट्रैकिंग कैंप कैडेट्स के सर्वांगीण विकास, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों, पीआई स्टाफ और फारेस्ट रेंजर्स का आभार जताया।
