पलवल में घर गिराने की कार्रवाई रोकने के बदले मांगे 50 हजार, बिल्डिंग इंस्पेक्टर 25 हजार रिश्वत लेता गिरफ्तार
पलवल में घर गिराने की कार्रवाई रोकने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक बिल्डिंग इंस्पेक्टर को गिरफ्तार ...और पढ़ें

रिश्वत लेता हुआ बिल्डिंग इंस्पेक्टर गिरफ्तार। फोटो: आर्काइव
HighLights
बिल्डिंग इंस्पेक्टर को 25 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया
घर गिराने की कार्रवाई रोकने के लिए मांगी थी रिश्वत
आरोपी ने कुल 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी
जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल में विजिलेंस की टीम ने नगर परिषद में तैनात बिल्डिंग इंस्पेक्टर चिम्मन लाल तेवतिया को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि मकान न गिराने की एवज में उसने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी और 25 हजार रुपये की पहली किस्त पहले ही ले चुका था।
मकान न गिराने के मांगे थे 50 हजार
पलवल विजिलेंस यूनिट ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नगर परिषद पलवल में तैनात बिल्डिंग इंस्पेक्टर चिम्मन लाल तेवतिया को गिरफ्तार किया। आरोपित शिकायतकर्ता से उसके मकान को न गिराने की एवज में कुल 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
आरोपित पांच अक्टूबर 2026 को 25 हजार रुपये की पहली किस्त पहले ही ले चुका था। इसके बाद वह बाकी 25 हजार रुपये देने के लिए शिकायतकर्ता पर लगातार दबाव बना रहा था।
विजिलेंस ने ट्रैप लगाकर पकड़ा
शिकायत मिलने पर पलवल विजिलेंस यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। छह अक्टूबर को कार्रवाई के दौरान पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारी स्वतंत्र गवाह के रूप में मौजूद रहे।
शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपित को शेष 25 हजार रुपये दिए, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
2022 में भी रिश्वत लेते पकड़ा गया था
चिम्मन लाल तेवतिया को वर्ष 2022 में भी रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया जा चुका है। उस समय पलवल नगर परिषद में तैनाती के दौरान उसने नक्शा पास करने की एवज में व्यापारी दिलीप बिंदल से 10 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
विजिलेंस ने उसे पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। इस मामले में आरोपित कुछ दिनों तक जेल में भी रहा था।
यह भी पढ़ें- पलवल: नमकीन फैक्ट्री के जहरीले टैंक में उतरने से एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर; फैक्ट्री मालिक पर FIR दर्ज
