पलवल: नमकीन फैक्ट्री के जहरीले टैंक में उतरने से एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर; फैक्ट्री मालिक पर FIR दर्ज
पलवल के होडल स्थित नमकीन फैक्ट्री में जहरीली गैस वाले टैंक में बिना सुरक्षा उपकरण के उतारे जाने से एक ...और पढ़ें
-1791099494626_m.webp)
श्रमिक की दम घुटने से मौत हो गई। AI जनरेटेड
HighLights
नमकीन फैक्ट्री के टैंक में जहरीली गैस से श्रमिक की मौत।
बिना सुरक्षा उपकरण जबरन जहरीले गैस टैंक में उतारा गया।
फैक्ट्री मालिक और प्रबंधकों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल में होडल के भुलवाना स्थित नमकीन फैक्ट्री में बिना किसी सुरक्षा उपकरण के जबरन टैंक में उतारे जाने के कारण एक श्रमिक की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर फैक्ट्री मालिक दिनेश और अन्य प्रबंधकों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
टैंक में उतरने का भारी दबाव
भुलवाना गांव की निवासी हेमलता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति सुरेन्द्र मोगली नमकीन फैक्ट्री में काम करते थे। शनिवार को शाम जब हेमलता ने अपने पति से फोन पर बात की, तो सुरेन्द्र ने बताया कि फैक्ट्री मालिक दिनेश और अन्य प्रबंधक उन पर जहरीली गैस वाले टैंक में उतरने का भारी दबाव बना रहे हैं।
सुरेन्द्र ने मालिक से कहा भी कि टैंक में जहरीली गैस है और सुरक्षा का कोई सामान नहीं है, जिससे जान जा सकती है। आरोप है कि मालिक और प्रबंधकों ने साफ शब्दों में कहा कि नौकरी करनी है तो टैंक में उतरना पड़ेगा, जान जाती है तो चली जाए।
दोनों टैंक में उतर गए
मालिक के दबाव में आकर सुरेन्द्र और उनका साथी सुंदर टैंक में उतर गए। जहरीली गैस के असर से दोनों बेहोश हो गए। फोन पर बात होने के महज 15 मिनट बाद ही परिवार को सुरेन्द्र की मौत की सूचना मिली।
परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और सुरेन्द्र को जिला होडल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे मजदूर सुंदर की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। सुंदर का उपचार शहर के निजी अस्पताल में चल रहा है।
