पलवल में नाबालिग लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग के चलते युवक का अपहरण कर की मारपीट, केस दर्ज
पलवल के हथीन थाना क्षेत्र में एक युवक का नाबालिग लड़की से प्रेम प्रसंग के चलते अपहरण कर मारपीट की ...और पढ़ें

पलवल में नाबालिग लड़की से प्रेम-प्रसंग के चलते युवक का अपहरण।
HighLights
पलवल में युवक का नाबालिग से प्रेम प्रसंग के चलते अपहरण।
अपहरण के बाद युवक से मारपीट, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग।
हथीन पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, पलवल। हथीन थाना क्षेत्र के अकबरपुर नाटोल गांव से युवक के जबरन अपहरण, मारपीट और जातिसूचक शब्द बोलकर धमकी देने का मामला सामने आया है। युवक के साथ यह वारदात नाबालिग लड़की के साथ प्रेम प्रसंग के चलते की गई। पीड़ित परिवार की शिकायत पर हथीन थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपितों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, अकबरपुर नाटोल निवासी महेश ने शिकायत दर्ज कराई कि 12 सितंबर की शाम उनका बेटा जतिन घर पर मौजूद था। इसी दौरान नूंह के एक गांव के युवक अपने अन्य साथियों के साथ कार में सवार होकर उनके घर पहुंचे।
आरोपितों ने पीड़ित परिवार को जातिसूचक शब्द कहे
आरोप है कि आरोपित जतिन को जबरन कार में खींचकर अपहरण कर ले गए। ले जाते समय आरोपितों ने पीड़ित परिवार को जातिसूचक शब्द कहे, अपमानित किया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना मिलते ही हथीन पुलिस तुरंत अकबरपुर नाटोल पहुंची और जांच शुरू की। खुफिया जानकारी और सुराग जुटाने के बाद पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग जतिन को नूंह के सदर थाने में लेकर पहुंचे हैं। इसके बाद हथीन पुलिस टीम ने नूंह पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जतिन को अपनी हिरासत में लिया और हथीन वापस लाई।
थाने पहुंचे पीड़ित जतिन ने अपने पिता को बताया कि आरोपितों ने रास्ते में और नूंह ले जाते वक्त उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की है।
आरोपितों ने उसके पुत्र का अपहरण किया और मारपीट की
पिता के अनुसार आरोपितों के पक्ष से एक नाबालिग लड़की की उनके पुत्र के साथ बातचीत थी। शनिवार को उक्त नाबालिग लड़की उनके पुत्र से मिलने पहुंची थी। इसी को लेकर आरोपितों ने उसके पुत्र का अपहरण किया और मारपीट की।
हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में युवक समेत अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।
