विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नहीं चलेगा 'प्री-वेडिंग शूट' का ट्रेंड, पलवल में वैश्य अग्रवाल समाज ने लगा दिया 'बैन', क्यों लिया ये फैसला?

Published: Tue, 13 Oct 2026 06:18 PM (IST)

पलवल में वैश्य अग्रवाल समाज ने एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें मृत्यु भोज, प्री-वेडिंग शूट और तेज संगीत पर पूर्ण ...और पढ़ें

वैश्य समाज ने प्रीवेडिंग शूट पर लगाया बैन। फोटो: एआई जनरेटेड

वैश्य समाज ने प्रीवेडिंग शूट पर लगाया बैन। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. प्री-वेडिंग शूट पर समाज ने लगाया पूर्ण प्रतिबंध

  2. मृत्यु भोज की परंपरा पर भी लगाई गई रोक

  3. विवाह समारोहों में सादगी को बढ़ावा देने का निर्णय

जागरण संवाददाता, पलवल। हरियाणा के पलवल में वैश्य अग्रवाल समाज ने सामाजिक कुरीतियों और विवाह समारोहों में बढ़ती फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाने के लिए बड़ा फैसला लिया है।

सोमवार रात हुई बैठक में प्री-वेडिंग शूट पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही मृत्यु भोज पर रोक और शादी समारोहों में सादगी को बढ़ावा देने सहित कई प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।

प्री-वेडिंग शूट पर पूरी तरह प्रतिबंध का फैसला

पलवल के श्यामा कुंज बैंक्वेट हॉल में सोमवार रात वैश्य अग्रवाल समाज की बैठक हुई। समाज के बुजुर्ग एवं समाजसेवी चंद्रभान गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विवाह समारोहों में बढ़ती फिजूलखर्ची और सामाजिक परंपराओं पर करीब तीन घंटे तक चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित लोगों ने प्री-वेडिंग शूट की परंपरा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया। उनका मानना था कि विवाह समारोहों को सादगीपूर्ण और पारिवारिक मूल्यों के अनुरूप बनाए रखने के लिए समाज को सामूहिक रूप से पहल करनी चाहिए।

मृत्यु भोज पर भी लगाया प्रतिबंध

बैठक में समाज में मृत्यु भोज पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, दाह संस्कार के दौरान चादर ले जाने की परंपरा के स्थान पर गोला या आवश्यक सामग्री ले जाने का सुझाव दिया गया।

साथ ही, केवल नजदीकी रिश्तेदारों के लिए सामान्य भोज की परंपरा का समर्थन किया गया, ताकि सामाजिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च कम किया जा सके।

महंगे निमंत्रण पत्रों के बजाय वाट्सएप से बुलाने का सुझाव

बैठक में विवाह और अन्य सामाजिक समारोहों में तेज संगीत पर रोक लगाने की मांग भी उठी। उपस्थित लोगों ने कहा कि समारोहों में ध्वनि का स्तर मर्यादित रहना चाहिए, ताकि आमजन को परेशानी न हो।

महंगे निमंत्रण पत्र छपवाने और बांटने में होने वाले खर्च व समय की बर्बादी पर भी चर्चा हुई। इसके विकल्प के रूप में वाट्सएप से निमंत्रण भेजने या फोन करके आमंत्रित करने का सुझाव रखा गया।

महापंचायत के लिए 151 सदस्यीय समिति गठित

हरियाणा व्यापार मंडल के जिला प्रधान एवं पूर्व पार्षद बलराम गुप्ता की ओर से आयोजित इस बैठक में आगामी महापंचायत की रूपरेखा भी तैयार की गई। महापंचायत में सामाजिक कुरीतियों, विवाह समारोहों में फिजूलखर्ची और अन्य परंपराओं पर अंतिम सामूहिक निर्णय लिए जाएंगे।

इसके लिए 151 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। यह समिति पलवल जिले के अलावा हसनपुर, होडल, हथीन, बल्लभगढ़ और फरीदाबाद में समाज के लोगों से संपर्क कर उन्हें अभियान से जोड़ेगी और महापंचायत में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करेगी।

यह भी पढ़ें- पलवल में खुलेगा हरियाणा का पहला हीमोफीलिया ट्रीटमेंट सेंटर, 4 जिलों के मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत