विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में ट्रक लूटने आए बदमाशों ने पुलिसकर्मी पर चढ़ाई THAR, गंभीर रूप से घायल SPO फरीदाबाद रेफर

Published: Mon, 16 Nov 2026 09:37 AM (IST)Updated: Mon, 16 Nov 2026 09:39 AM (IST)

पलवल-हथीन रोड पर ट्रक लूटने का प्रयास कर रहे बदमाशों ने हरियाणा पुलिस के एसपीओ दयाराम को थार गाड़ी से ...और पढ़ें

इसी थार से पुलिसकर्मी को घायल किया। जागरण

इसी थार से पुलिसकर्मी को घायल किया। जागरण

HighLights

  1. पलवल में ट्रक लूटने का प्रयास कर रहे थे बदमाश।

  2. एसपीओ दयाराम को थार गाड़ी से टक्कर मारकर घायल किया।

  3. घायल एसपीओ फरीदाबाद रेफर, पुलिस बदमाशों की तलाश में।

जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल में पलवल-हथीन रोड पर ट्रक लूटने की नीयत से घूम रहे बदमाशों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है।

बदमाशों को पकड़ने का प्रयास कर रहे हरियाणा पुलिस के एसपीओ दयाराम को बदमाशों ने थार गाड़ी से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल एसपीओ को पहले पलवल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पलवल जिले के ही रणसीका गांव के रहने वाले साबिर ट्रक चालक के रूप में कार्य करते हैं। रविवार शाम को वह पेपर सीट (माल) लेकर उत्तराखंड के रुद्रपुर से राजस्थान के जयपुर जा रहे थे। जब वह रात करीब दो बजे हथीन रोड पर रतिपुर गांव के समीप पहुंचे, तो थार गाड़ी में सवार चार बदमाशों ने लूट के इरादे से उनका रास्ता रोकने का प्रयास किया।

घबराने के कारण चालक साबिर ने ट्रक नहीं रोका, जिसके बाद बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। इसी दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस को फोन कर इस घटना की पूरी सूचना दे दी। कुछ आगे बढ़ने पर बदमाशों ने हथीन के समीप ट्रक को रुकवा लिया और चालक के साथ मारपीट की। इसके बाद दो बदमाश ट्रक के अंदर घुस गए, जबकि अन्य दो बदमाश चालक साबिर को अपनी थार गाड़ी में बैठाकर पलवल की तरफ ले जाने लगे।

पुलिसकर्मी ने रोकने का किया प्रयास

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने भी बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस वाहन में मौजूद एसपीओ दयाराम ने जब नीचे उतरकर बदमाशों की थार को रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने बेरहमी से उन्हें टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दुस्साहस के बाद बदमाश थार और चालक साबिर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।

वहीं, पुलिस ने लूटे गए ट्रक को हथीन क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया है। घायल एसपीओ दयाराम को तुरंत पलवल के जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक होने के कारण उन्हें पहले पलवल के निजी अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है और उनके सुराग जुटाने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।