चंडीगढ़ से कार लूटकर पलवल पहुंचे 4 बदमाश, पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो को लगी गोली
चंडीगढ़ से कार लूटकर पलवल पहुंचे चार बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर फायरिंग ...और पढ़ें

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी, जागरण।
HighLights
चंडीगढ़ से कार लूटकर पलवल पहुंचे बदमाश।
पुलिस से मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी।
चारों अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार, हथियार बरामद।
जागरण संवाददाता, पलवल। चंडीगढ़ में हथियार दिखाकर कार लूटने के बाद बदमाश बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से पलवल पहुंचे थे, लेकिन बीते शुक्रवार शाम क्राइम ब्रांच की सतर्कता से उनकी योजना नाकाम हो गई।
पृथला से छपरौला रोड पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि उनके दो अन्य साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पंजाब में कुल 23 आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपित अंतरराज्यीय लूट गिरोह से जुड़े हैं और उनके खिलाफ पंजाब में कुल 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीएसपी मुख्यालय नरेंद्र सिंह खटाना ने बताया कि सीआइए पलवल की टीम शुक्रवार को राष्ट्रीय दिल्ली-आगरा राषट्रीय राजमार्ग पर आल्हापुर मोड़ के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान चंडीगढ़ पुलिस की जिला क्राइम सेल सेक्टर-24 से सूचना मिली कि चार बदमाशों ने हथियार दिखाकर सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार लूटी है।
गाड़ियों से हटाया नंबर प्लेट
आरोपित कार की नंबर प्लेट हटाकर पलवल के गदपुरी क्षेत्र में दाखिल हुए हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही सीआइए प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस की दो विशेष टीमें गठित कर घेराबंदी की गई।
पृथला से छपरौला रोड पर बड़े मंदिर के पास बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने सरकारी वाहन आगे लगाकर कार को रोकने का प्रयास किया तो चारों आरोपित उतरकर झाड़ियों की ओर भागने लगे।
चेतावनी के बाद भी की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने उन्हें हथियार डालने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपितों ने दोबारा पुलिस टीम पर हथियार तान दिए।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने चारों को काबू कर लिया और घायलों को नागरिक अस्पताल पलवल पहुंचाया।
घायल आरोपितों की हुई पहचान
घायल आरोपितों की पहचान पंजाब के बरनाला स्थित शक्ति नगर निवासी लक्की और नेपाल के निवासी रोशनाचार्य के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बरनाला में रह रहा है। अन्य दो आरोपितों की पहचान बरनाला निवासी सन्नी और खुशप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस को क्या मिला?
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चंडीगढ़ से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, एक कट्टा 315 बोर, एक देसी पिस्तौल, चार कारतूस, खाली खोल, कार की दोनों नंबर प्लेट और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपित नंबर प्लेट हटाकर पहचान छिपाने का प्रयास कर रहे थे।
लक्की पर 6, रोशनाचार्य पर नौ मुकदमे
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, लक्की के खिलाफ पंजाब में छह, रोशनाचार्य के खिलाफ नौ, सन्नी के खिलाफ तीन और खुशप्रीत सिंह के खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, जानलेवा हमला, शराब तस्करी और अवैध हथियार रखने जैसे मामले शामिल हैं।
थाना गदपुरी में आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया कर रही है। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों, लूट की अन्य वारदातों और पलवल में किसी बड़ी वारदात की योजना के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी।
