पलवल में BJP विधायक के भाइयों पर सट्टा खिलाने और पुलिस से मारपीट का आरोप, पूर्व विधायक ने कहा- सब झूठ
पलवल में भाजपा विधायक हरिंद्र रामरतन के भाइयों पर सट्टा खिलाने और पुलिसकर्मियों से मारपीट कर आरोपित को छुड़ाने का आरोप लगा है।

पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की। फोटो: आर्काइव
HighLights
भाजपा विधायक के भाइयों पर सट्टा खिलाने का आरोप
पुलिसकर्मियों से मारपीट कर आरोपित को छुड़ाया गया
पूर्व विधायक ने पुलिस पर झूठे मुकदमे का आरोप लगाया
जागरण संवाददाता, पलवल। कैंप थाना अंतर्गत मोहन नगर में होडल से भाजपा विधायक हरिंद्र रामरतन के भाई और पूर्व विधायक रामरतन के पुत्र अशोक पर सट्टा खिलाने का आरोप लगा है।
इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया, लेकिन आरोप है कि विधायक के दूसरे भाई जय कुमार ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और अशोक को छुड़ा लिया।
पुलिसकर्मियों से मारपीट, आरोपी को छुड़ाया
पुलिस ने इस संबंध में कैंप थाना प्रभारी की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस मामले में पूर्व विधायक रामरतन ने कैंप थाना प्रभारी पर स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने और उनके पुत्रों पर झूठा मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया है।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, आठ अक्टूबर को वह एचसी अरुण कुमार और एसपीओ वीरेंद्र के साथ गश्त के सिलसिले में किठवाड़ी पुल के नीचे मोहन नगर जा रहे थे।
इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि कोने पर स्थित जय कुमार की दुकान में सट्टा खिलाने का काम चल रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी तो दुकान के अंदर चार-पांच लोग मौजूद थे।
एक व्यक्ति नोटबुक में सट्टे के नंबर लिख रहा था। दुकान से आधी भरी बीयर की बोतल, प्लास्टिक के गिलास और नोटबुक के पन्नों में रखे 1,750 रुपये बरामद हुए।
दुकान से 1,750 रुपये बरामद
पूछताछ में सट्टा खेलने वाले ने अपना नाम शमशाबाद निवासी अशोक बताया। अशोक ने पुलिस को बताया कि दुकान उसके भाई जयकुमार की है और वही दिहाड़ी देकर उससे सट्टा खिलवाता है।
कार्रवाई के दौरान ही दुकान मालिक जयकुमार, उसकी दो महिला रिश्तेदार और एक अन्य युवक मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से बहस करते हुए कहा कि वे अपनी दुकान में इसी तरह सट्टा खिलाते रहेंगे।
जब पुलिस टीम आरोपी अशोक को हिरासत में लेने लगी, तो जय कुमार और उसके साथ आई महिलाओं तथा युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और अशोक को जबरन छुड़ा लिया।
इस दौरान भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसका फायदा उठाकर वहां मौजूद अन्य ग्राहक भी भाग निकले। पुलिस के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया है।
रामरतन ने थाना प्रभारी पर लगाए आरोप
वहीं, इस मामले में पूर्व विधायक रामरतन ने कैंप थाना प्रभारी पर लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने और उनके पुत्रों के ऊपर झूठा मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया है।
रामरतन के अनुसार, उनका पुत्र और उसके साथी मकान में अंदर बैठकर खाना-पीना कर रहे थे, जिसमें कुछ भी गलत नहीं था। वह कोई सट्टा खिलाने का काम नहीं कर रहे थे। उसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि वह इस मामले में थाना प्रभारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराएंगे। इस मामले में पूर्व विधायक ने जिला पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
यह भी पढ़ें- पलवल में ऑटो से फोन चोरी कर यूपीआई के जरिए एक लाख की ठगी, मामला दर्ज
