विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में मकान निर्माण विवाद: पड़ोसी ने तीज पर आए मेहमानों को पीटा, घर में घुसकर दी धमकी

Published: Tue, 11 Aug 2026 01:48 PM (IST)

पलवल के झावर नगर में मकान निर्माण के विवाद को लेकर पड़ोसी ने तीज पर आए रिश्तेदारों से मारपीट की और घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. पलवल में मकान निर्माण को लेकर विवाद हुआ।

  2. पड़ोसी ने तीज पर आए रिश्तेदारों से मारपीट की।

  3. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल के रसूलपुर रोड स्थित झावर नगर में मकान निर्माण के विवाद को लेकर पड़ोसी द्वारा तीज लेकर आए रिश्तेदारों के साथ मारपीट करने और घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

झावर नगर निवासी लेखराज गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी दुकान के ऊपर मकान का निर्माण करा रहे थे, जिसका उनका पड़ोसी ललित मित्तल विरोध कर रहा था।

सात अगस्त की रात उनके बेटे दीपक गोयल के साले रितेश और मनोज पुन्हाना से तीज का सामान लेकर उनके घर आए हुए थे।

जब मनोज घर से निकला बाहर तो....

जब मनोज घर के बाहर निकला तो घात लगाकर खड़े ललित मित्तल और उसके 2-3 साथियों ने उस पर लात-घूंसों से हमला कर दिया।

शोर सुनकर जब लेखराज और रितेश बचाव के लिए बाहर आए, तो ललित ने ईंट से हमला कर दिया। रितेश ने अपना सिर बचाने के लिए हाथ आगे किया, जिससे उसके हाथ, नाक और होंठ पर गंभीर चोटें आईं।

पीड़ित का आरोप है कि पड़ोसियों के इकट्ठा होने पर आरोपित वहां से हट गए, लेकिन जैसे ही वे घर के अंदर जाने लगे, ललित मित्तल पीछे से भागकर घर के अंदर दाखिल हो गया।

आरोपित ने लेखराज गोयल को धक्का देकर आंगन में गिरा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि वह वकील होने के साथ-साथ बदमाश भी है।

घटना की सूचना 112 पर दिए जाने के बाद घायल रितेश को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर मकसूद ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद थाना शहर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- पलवल ढाबा हत्याकांड: खाना न देने पर कर्मचारी को स्कॉर्पियो से कुचलने वाला दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार