विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल ढाबा हत्याकांड: खाना न देने पर कर्मचारी को स्कॉर्पियो से कुचलने वाला दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार

Published: Sun, 09 Aug 2026 04:26 PM (IST)

पलवल में रायल ढाबा पर खाना न मिलने से नाराज होकर कर्मचारी को स्कॉर्पियो से कुचलकर मारने के मामले में ...और पढ़ें

दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार हुआ। जागरण

दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार हुआ। जागरण

HighLights

  1. खाना न मिलने पर ढाबा कर्मचारी को स्कॉर्पियो से कुचला।

  2. पलवल पुलिस ने दूसरे आरोपी गौरव को भी किया गिरफ्तार।

  3. मुख्य आरोपी पालेन्दर उर्फ पाले पहले ही पकड़ा जा चुका।

जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल में थाना अंतर्गत रसूलपुर चौक स्थित रायल ढाबा पर खाना न मिलने से नाराज होकर स्कॉर्पियो कार से कर्मचारी की टक्कर मारकर हत्या करने वाले दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई भवन कुंड चौकी प्रभारी ने की है।

आरोपी की पहचान मूल रूप से बंचारी गांव के रहने वाले और हाल रसूलपुर रोड निवासी गौरव के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस ने भमरोला जोगी के रहने वाले पालेन्दर उर्फ पाले को गिरफ्तार किया था।

भवन कुंड चौकी प्रभारी संजय कुमार के अनुसार, पुलिस को दी गई शिकायत में सोहना रोड के रहने वाले ढाबा संचालक विपिन दयाल उर्फ राजा ने बताया था कि 19 जून की रात करीब वह अपना रायल ढाबा बंद कर रहे थे।

जबरन खाना परोसने को कहा

इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार ढाबे पर आकर रुकी। कार को भमरौला जोगी के रहने वाले पालेन्दर उर्फ पाले चला रहा था, जबकि उसकी साइड वाली सीट पर रसूलपुर रोड का रहने वाला गौरव बैठा हुआ था। दोनों शराब के नशे में पूरी तरह धुत थे और उन्होंने जबरन खाना परोसने को कहा। जब विपिन ने ढाबा बंद होने की बात कहकर मना किया, तो दोनों गाली-गलौज करने लगे।

विपिन दयाल ने बताया कि विरोध करने पर आरोपितों ने उनके और उनके बिहार के रहने वाले कर्मचारी रनजीत के साथ लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। इतने से भी जब मन नहीं भरा, तो पालेन्दर ने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी स्टार्ट की और रनजीत के ऊपर दो बार गाड़ी चढ़ा दी।

हादसे में रनजीत की रीढ़ की हड्डी, कमर और हाथ-पैर बुरी तरह टूट गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित ढाबा संचालक और स्टाफ को जान से मारने की धमकी देते हुए गाड़ी सहित मौके से फरार हो गए।

उपचार के दौरान दम तोड़ा

ढाबे पर मौजूद अन्य कर्मचारियों राज कुमार, शत्रु, मनोज और जितेंद्र ने तुरंत बीच-बचाव किया और लहूलुहान हालत में विपिन दयाल और रनजीत को इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। रणजीत ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें- पलवल में सरपंच को फोन पर मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने SC एक्ट में दर्ज किया मामला

भवन कुंड चौकी प्रभारी संजय कुमार के अनुसार इस शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। सात जुलाई को टीम ने मुख्य नामजद आरोपित पालेन्दर उर्फ पाले को गिरफ्तार कर लिया था। अब टीम ने गौरव को गिरफ्तार कर लिया है।