रक्षाबंधन पर बहनों को सौगात, पलवल में 27 से 28 अगस्त को रोडवेज बस में सफर फ्री; 10 अतिरिक्त बसें भी चलेंगी
पलवल में रक्षाबंधन पर महिलाओं को हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके लिए 10 अतिरिक्त ...और पढ़ें

बहनों के लिए फ्री बस सेवा। फोटो: आर्काइव
HighLights
महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा
पलवल में 10 अतिरिक्त बसें चलेंगी
सुरक्षा व सुविधा हेतु विशेष इंतजाम
जागरण संवाददाता, पलवल। : रक्षाबंधन पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हरियाणा रोडवेज की बसों में महिलाओं के लिए सफर मुफ्त होगा।
रोडवेज विभाग द्वारा 27 अगस्त को दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त शुक्रवार की रात 12 बजे तक बहनों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा विभाग द्वारा 10 अतिरिक्त बसें भी रक्षाबंधन के लिए लगाई जाएंगी।
रक्षाबंधन पर हजारों की संख्या में महिलाएं सफर करती हैं। महिलाएं मुफ्त सफर की वजह से बड़ी संख्या में रोडवेज की बसों में सफर को प्राथमिकता देती हैं।
इसी को देखते हुए पलवल डिपो पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, जिससे बहन अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए बिना किसी परेशानी के मुफ्त यात्रा करते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
कर्मचारियों की अलग से ड्यूटी लगेगी
रक्षाबंधन पर होने वाली भीड़ को देखते हुए बसों की कमी न रहे, इसके लिए पलवल से कई रूटों पर बसों की संख्या और उनके फेरे बढ़ाने का भी फैसला लिया गया है।
इसके साथ ही रक्षाबंधन के अवसर पर बस स्टैंड परिसर में होने वाली भीड़ को देखते हुए कर्मचारियों की अलग से ड्यूटी लगाई जाएगी।
चालकों और परिचालकों की छुट्टियां रद
रक्षाबंधन पर जिले में कुल 75 बसें अलग-अलग रूटों पर चल रही हैं। रक्षाबंधन के लिए बसों की संख्या बढ़ाकर 85 कर दी जाएगी। पलवल से गुरुग्राम तक अभी तक करीब पांच फेरे प्रतिदिन लगाए जा रहे थे, मगर अब दो अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।
इसी तरह से नूंह, हथीन होडल के रूटों पर चार-चार फेरे बढ़ाए जाएंगे। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। चालक व परिचालकों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
विभाग ने चालकों और परिचालकों की छुट्टियां रद कर दी हैं। रक्षाबंधन पर महिलाओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए विभाग द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं।
महिलाओं और बच्चों की यात्रा से संबंधित जानकारी देने तथा उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पलवल, होडल, हथीन व हसनपुर बस स्टैंड में हेल्प डेस्क लगाई जाएगी।
कड़ी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी परिवहन विभाग ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा है। बस अड्डों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती किया जाएगा।
महिलाओं को कोई भी परेशानी नहीं आने दी जाएगी। महिलाएं रक्षाबंधन के दिन प्रदेश में फ्री सफर कर सकेंगी। इस दिन होने वाली भीड़ को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया है।
- जितेंद्र यादव, जीएम, परिवहन विभाग।
यह भी पढ़ें- मां की हत्या का बदला लेने के लिए युवक का मर्डर, पलवल के कैंप थाने में सरेंडर कर आरोपी ने कबूला जुर्म
यह भी पढ़ें- पलवल में 23 और 29-30 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर बैठेंगे बीएलओ, सुबह 9 से शाम 5 बजे तक लेंगे दावे-आपत्तियां
