दिल्ली-आगरा हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, बेटी से मिलने जा रहे पिता-पुत्र की ट्रक टक्कर में मौत; परिवार में मातम
पलवल में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बेटी से मिलने फिरोजाबाद जा रहे पिता-पुत्र की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
पलवल में दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर सड़क हादसा हुआ।
हादसे में पिता सियाराम और पुत्र गुलशन की मौत।
दोनों बेटी से मिलने फिरोजाबाद जा रहे थे।
जागरण संवाददाता,पलवल। बेटी से मिलने बाइक पर फिरोजाबाद जा रहे पिता-पुत्र की बुधवार सुबह दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में मौत हो गई।
करीब आठ बजे हुए हादसे में ट्रक की टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान मूलरूप से हाथरस निवासी सियाराम और उनके बेटे गुलशन के रूप में हुई है। सियाराम कपड़े बेचने का काम करते थे, जबकि गुलशन मजदूरी करता था।
बेटा गुलशन करता था फोल्डिंग का काम
परिवार के अनुसार, गुलशन अपने भाइयों अंकुश और अमन के साथ फोल्डिंग का काम भी करता था। अमन तीनों भाइयों में सबसे छोटा है।
बताया गया कि सियाराम की बेटी काजल फिरोजाबाद के पास रहती है। बुधवार सुबह पिता-पुत्र बाइक से काजल से मिलने के लिए फिरोजाबाद जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रक की टक्कर से दोनों की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। गुलशन की पत्नी पूजा करीब चार माह की गर्भवती है।
हादसे की खबर सुन गुलशन की पत्नी हुई बेसुध
दंपती की तीन वर्षीय बेटी इशू है। पति की मौत की खबर सुनकर पूजा बेसुध हो गई। परिवार के लोगों को अब उसकी और मासूम बेटी की चिंता सता रही है।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा।
यह भी पढ़ें- पलवल में बेटी के लिए दवा लेने निकली मां की दर्दनाक मौत, NH-19 पर तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर
