पलवल में क्राइम ब्रांच और पंजाब के बदमाशों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से 2 घायल; चारों गिरफ्तार
पलवल में क्राइम ब्रांच और पंजाब के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से ...और पढ़ें

गोली लगने से घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। फोटो: जागरण
HighLights
पलवल में क्राइम ब्रांच और पंजाब के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई
दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल, दो अन्य गिरफ्तार किए गए
पुलिस ने पिस्टल, कट्टा और कारतूस बरामद किए, जांच जारी है
जागरण संवाददाता, पलवल। पृथला गांव के समीप शुक्रवार शाम को पलवल क्राइम ब्रांच और पंजाब के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
कार सवार दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को भी मौके से पकड़ लिया गया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वे घायल हो गए।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम से केएमपी रोड पर एक संदिग्ध स्विफ्ट कार की सूचना जारी की गई थी। इसके बाद जब आरोपी केएमपी एक्सप्रेसवे से उतरकर दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मथुरा से दिल्ली की ओर बढ़ने लगे, तो क्राइम ब्रांच पलवल की टीम तुरंत उनके पीछे लग गई।
खुद को घिरता देख आरोपियों ने गाड़ी को थाना गदपुरी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पृथला के पास स्थित छपरौला गांव के जंगलों की तरफ मोड़ दिया। जंगल में छिपने के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लग गई और वे वहीं गिर पड़े।
दो बदमाशों के पैरों में लगी गोली
मुठभेड़ के दौरान घायल हुए आरोपियों की पहचान बरवाला (पंजाब) के हाथी नगला निवासी लकी तथा नेपाल के जिला नोरंगढ़ और मौजूदा निवास बरवाला (पंजाब) निवासी रोशन आचार्य के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पंजाब में एनडीपीएस एक्ट और लड़ाई-झगड़े के करीब छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इनके दो अन्य साथियों बरवाला निवासी सनी और खुशप्रीत को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
पिस्टल, कट्टा और कारतूस बरामद
दोनों घायल बदमाशों को उपचार के लिए तुरंत सिविल अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने बदमाशों से एक पिस्टल, एक कट्टा और कारतूस बरामद किए हैं।
आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में गदपुरी थाना में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। क्राइम ब्रांच अब आरोपियों के किसी गैंग से जुड़े होने के तार भी तलाश रही है।
यह भी पढ़ें- पलवल में BJP विधायक के भाइयों पर सट्टा खिलाने और पुलिस से मारपीट का आरोप, पूर्व विधायक ने कहा- सब झूठ
