पलवल में साइबर ठगों का आतंक: गैस बिल और क्रेडिट कार्ड KYC के नाम पर लाखों की ठगी
पलवल में साइबर ठगों ने दो अलग-अलग मामलों में 5.50 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है। एक व्यक्ति ...और पढ़ें

पलवल में साइबर ठगों का आतंक ( एआई इमेज )
HighLights
पलवल में साइबर ठगी के दो नए मामले।
अडानी गैस बिल और क्रेडिट कार्ड KYC बहाना।
कुल 5.50 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी।
जागरण संवाददाता, पलवल। जिले में साइबर ठगों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। साइबर थाना पुलिस ने आनलाइन धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज किए हैं।
पहले मामले में अडानी गैस का बिल चुकाने के नाम पर एक व्यक्ति के खाते से 3.87 लाख रुपये उड़ा लिए गए, जबकि दूसरे मामले में क्रेडिट कार्ड की केवाईसी अपडेट करने के बहाने एक अन्य व्यक्ति के खातों से 2.16 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली गई।
अडानी गैस का बिल भरने के नाम पर 3.87 लाख की ठगी
धतीर गांव निवासी अजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पांच अक्टूबर को उनके मोबाइल नंबर पर एक काल आई। फोन करने वाले ने खुद को अडानी गैस से होना बताया और कहा कि उनका गैस बिल बकाया है, जिसे तुरंत भरना होगा।
इसके बाद ठगों ने वाट्सएप पर एक लिंक भेजा। पीड़ित ने जैसे ही उस लिंक को ओपन किया, उनका फोन हैक हो गया। इसके बाद उनके एसबीआई बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 3,87,223.11 रुपये कट गए।
अजीत सिंह ने तुरंत अपना एटीएम बंद कराया और फोन रिसेट करने के बाद राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
क्रेडिट कार्ड की केवाईसी के बहाने 2.16 लाख की धोखाधड़ी
श्यामनगर, पलवल निवासी अक्षय कुमार वर्मा के साथ भी इसी तरह की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित के पास 11 अक्टूबर को एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए उनके एसबीआई और एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड की केवाईसी अपडेट करने का झांसा दिया।
पीड़ित के अनुसार, जैसे ही उन्होंने बताए गए लिंक पर क्लिक किया, उनका फोन हैंग हो गया और उनके दोनों क्रेडिट कार्ड से पैसे निकलने शुरू हो गए। धोखाधड़ी का पता चलते ही उन्होंने कार्ड बंद कराए और 1930 पर सूचना दी। उनके खातों से कुल 2,16,037.24 रुपये निकाले गए।
