दिल्ली के नांगलोई में सन्नाटे के बीच गूंजी चीखें, पत्नी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर भाग निकला पति
पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद ने भयानक रूप ले लिया। गुस्से में आकर पति ने अपनी पत्नी पर चाकुओं ...और पढ़ें

पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या। (सांकेतिक तस्वीर: AI-Generated)
HighLights
नांगलोई में पति ने पत्नी की हत्या की
घरेलू विवाद के कारण चाकू से हमला किया
आरोपी पति वारदात के बाद से फरार
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। बाहरी दिल्ली के नांगलोई थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मी पार्क इलाके में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी।
आरोपी ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब आसपास सन्नाटा था। चाकू के ताबड़तोड़ वार से लहुलूहान हुई महिला की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।
रात करीब 12 बजे की वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वारदात बुधवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अचानक अपनी पत्नी पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उस पर 9 से 10 बार वार किए।
युवती की दर्दनाक चीख सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से रफूचक्कर हो चुका था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नांगलोई थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवती को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, तलाश में जुटीं पुलिस टीमें
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी पति की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों ने आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने तथा इंसाफ की मांग की है।
