दो महिलाओं से दुष्कर्म, किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म
पलवल : जिले में अलग-अलग स्थानों पर महिला अपराध के तीन मामले सामने आए हैं। महिला थाने में दर्ज मुकदमों के अनुसार नौकरी की तलाश में भटक रही एक 27 वर्षीय महिला के साथ उसे नौकरी देने वाले ने कई बार दुष्कर्म किया। दूसरे मामले में हथीन थाना क्षेत्र की एक किशोरी के साथ उसी के ही गांव के चार युवकों ने सामुहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
फोटो 28
- शिकायतों पर महिला थाना पुलिस ने किए मामले दर्ज, आरोपितों की तलाश जारी
जागरण संवाददाता, पलवल : जिले में अलग-अलग स्थानों पर महिला अपराध के तीन मामले सामने आए हैं। महिला थाने में दर्ज मुकदमों के अनुसार नौकरी की तलाश में भटक रही एक 27 वर्षीय महिला के साथ उसे नौकरी देने वाले ने कई बार दुष्कर्म किया। दूसरे मामले में हथीन थाना क्षेत्र की एक किशोरी के साथ गांव के ही चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। तीसरे मामले में एक महिला को अगवा कर दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने सभी शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज कर लिए हैं।
पहली शिकायत में एक 27 वर्षीय महिला ने कहा है कि वह पांच वर्षीय बच्चे की मां है तथा अपने पति से अलग रहती है। घर खर्चा चलाने के लिए वह नौकरी की तलाश में काफी समय से भटक रही थी। चार जनवरी 2017 को गुरुग्राम के सैक्टर-9 निवासी नरेश यादव ने अपनी कंपनी में उसे नौकरी पर रख लिया और दिल्ली में ही रहने के लिए उसे फ्लैट दिला दिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपित ने कई बार दिल्ली, गुरुग्राम, मंसूरी में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायतकर्ता के अनुसार अब काफी समय से वह शहर की एक पॉश कॉलोनी में रह रही है। 23 अगस्त को नरेश ने यहां उसके साथ दुष्कर्म किया। 24 अगस्त को उसकी बहन ब्रिजेश पांच-छह अन्य साथियों के साथ फ्लैट पर आई और किसी को बताने पर उसके बेटे का अपहरण करने व जान से मारने की धमकी दी।
दूसरे मामले में हथीन थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के साथ उसी के गांव के चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता के भाई के बयान पर चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जांच अधिकारी एसआई राजमा ने बताया कि पीड़िता के भाई ने मुकदमा दर्ज कराया है कि उसकी बहन के साथ सलीम, वाजिद, मौसम एवं अनीश ने रेप किया तथा जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में महिला थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट एवं अन्य धाराओं मे मुकदमा दर्ज किया है।
तीसरे मामले में पलवल शहर की एक कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि नंगला उटावड़ निवासी अली मोहम्मद ने उसे अगवा कर गांव खिरबी के समीप उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दुष्कर्म के बाद आरोपित उसे छोड़ कर फरार हो गया। किसी तरह वह अपने घर पहुंची तथा पुलिस को शिकायत दी। सभी मामलों में शिकायतों के आधार पर भादंसं की संबंधित धाराओं में मामले दर्ज कर लिए गए हैं। सभी पीड़िताओं का चिकित्सीय परीक्षण कराकर अदालत में बयान भी दर्ज करा दिए गए हैं। आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
- कमला देवी, महिला थाना प्रभारी।