पलवल में 'रन फॉर यूनिटी' में उमड़ा सैलाब, हजारों युवाओं संग दौड़े खेल मंत्री गौरव गौतम
पलवल में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों युवाओं ने भाग ...और पढ़ें
-1793429662259_m.webp)
रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जागरण
HighLights
पलवल में सरदार पटेल जयंती पर 'रन फॉर यूनिटी' आयोजित।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने एकता का संदेश दिया।
हजारों युवाओं ने उत्साहपूर्वक दौड़ में भाग लिया।
जागरण संवाददाता, पलवल। भारत के लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को पलवल जिला प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के खेल एवं कानून मंत्री श्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ होडल के विधायक श्री हरेंद्र राम रतन और हथीन के विधायक श्री मोहम्मद इसराइल भी उपस्थित रहे।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने सेक्टर-2 स्थित सामुदायिक केंद्र से नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंडोर स्टेडियम तक आयोजित रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान हजारों की संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर खेल एवं कानून मंत्री गौरव गौतम ने सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व के बल पर आजादी के बाद देश की 563 रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। यही कारण है कि उन्हें भारत का लौह पुरुष कहा जाता है।
मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके दिखाए मार्ग पर चलने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लेने का दिन भी है।
आज उनकी जयंती पर पलवल ही नहीं, बल्कि पूरे देश में अलग-अलग स्थानों पर रन फॉर यूनिटी सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से देशवासियों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रन फॉर यूनिटी का संदेश है कि पूरा भारत एक है और हम सभी को मिलकर देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखना है। इस दौड़ में युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी यह दर्शाती है कि आज का युवा राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक और अपनी जिम्मेदारियों को लेकर सजग है।
देश की ताकत उसकी एकता में निहित है। भाषा, क्षेत्र, जाति और धर्म से ऊपर उठकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।
खेल मंत्री ने कहा कि रन फॉर यूनिटी केवल राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाला कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करता है। नियमित रूप से दौड़ने, व्यायाम करने और खेल गतिविधियों में भाग लेने से शरीर स्वस्थ रहता है और व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान खेलों और खिलाड़ियों के दम पर देश-दुनिया में बनी है। प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने, ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विस्तार करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मंत्री गौरव गौतम ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों और देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरदार पटेल के विचार और उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी युवाओं, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे वातावरण में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला। हजारों प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लेकर यह संदेश दिया कि मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण के लिए देश की एकता और अखंडता सर्वोपरि है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।