विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल: एयरपोर्ट के ठेके का झांसा देकर 190 ट्रैक्टर-कारें किराये पर लीं, 2 महीने बाद हड़पे; धोखाधड़ी का केस दर्ज

Published: Sun, 29 Nov 2026 03:03 PM (IST)

पलवल में नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जीएमआर ग्रुप से ठेका मिलने का झांसा देकर 190 ट्रैक्टर व कारें मासिक किराये पर ली गईं। आरोपियों ने दो महीने किराया देने के बाद वाहन हड़प लिए।

नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट। फाइल फोटो - जागरण

नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट। फाइल फोटो - जागरण

HighLights

  1. 190 ट्रैक्टर व कारें एयरपोर्ट ठेके के नाम पर हड़पीं।

  2. आरोपियों ने दो महीने किराया देकर वाहन गायब किए।

  3. पलवल पुलिस ने धोखाधड़ी व विश्वासघात का केस दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, पलवल। गौतमबुद्ध नगर स्थित नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जीएमआर ग्रुप से ठेका मिलने का झांसा देकर ट्रैक्टर व कार सहित 190 गाड़ियां मासिक किराये पर लीं।

शुरुआत में दो महीने तक किराया भी दिया, लेकिन बाद में न किराया दिया और न ही वाहन लौटाए। पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने एक महिला सहित दो नामजद आरोपितों और उनके साथियों के विरुद्ध धोखाधड़ी व विश्वासघात की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वकील से मुलाकात कराई

पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल सकेगा कि इतनी बड़ी संख्या में वाहन कहां खपाए गए। दीघोट गांव निवासी लच्छी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इसी साल 31 जनवरी को गांव के सिंगराज ने औरंगाबाद गांव निवासी अमृत सिंह उर्फ पप्पी और बामनीखेड़ा गांव निवासी पूनम वकील से उनकी मुलाकात कराई थी।

वहीं, दोनों ने जीएमआर ग्रुप का वर्क ऑर्डर दिखाया और बताया कि नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर काम के लिए ट्रैक्टरों की जरूरत है। एक ट्रैक्टर का 40 हजार रुपये प्रतिमाह किराया देने का वादा किया।

आरोपितों के बारे में पता किया

उन्होंने विश्वास करके पलवल कोर्ट में एग्रीमेंट बनाने के बाद 31 जनवरी को अपने बेटे संदीप का ट्रैक्टर और 26 फरवरी को अपना ट्रैक्टर सौंप दिया। मार्च और अप्रैल में नकद किराया भी दिया गया। इसके बाद किराया देना बंद कर दिया गया। लच्छी के अनुसार, जब उन्होंने आरोपितों के बारे में पता किया तो वे सभी गायब थे।

ट्रैक्टरों को ठिकाने लगा दिया

इसके बाद वह एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पता चला कि आरोपितों के पास ऐसा कोई वर्क आर्डर नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी तरीके से पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, अलीगढ़ और मथुरा जिलों के करीब 190 लोगों के ट्रैक्टर और कारें हड़प ली गई हैं। दीघोट के ही प्रवीण का भी कहना है कि उनके चार ट्रैक्टरों को आरोपितों ने ठिकाने लगा दिया है।

उधर, सदर थाना प्रभारी रवि ने बताया कि लच्छी की शिकायत पर अमृत सिंह उर्फ पप्पी, पूनम वकील और उनके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी व विश्वासघात सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपितों की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।