राम नगर में सड़क पर गड्ढे होने से परेशानी
राम नगर में बीते कई महीनों से सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और पानी जमा होने के कारण कीचड़ भी जमा हो गई है।
जागरण संवाददाता, पलवल: राम नगर में सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क को ठीक कराना विभाग भूल गया है। बीते कई महीनों से सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और पानी जमा होने के कारण कीचड़ भी जमा हो गई है। इससे लोगों को आवागमन करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की मांग है कि समस्या का जल्द समाधान किया जाए।
राम नगर के निवासियों के मुताबिक उनके यहां करीब एक साल पहले सीवर लाइन डालने का कार्य किया गया था, जिसके लिए रास्तों को खोदा गया था। सीवर लाइन डाले हुए कई महीने हो चुके हैं लेकिन अभी तक भी खोदी गए रास्तों का निर्माण नहीं करवाया गया है। इस मार्ग पर कीचड़ जमा होने से बीमारी होने का भी खतरा बना रहता है। राम नगर में हर दूसरे घर में बुखार से पीड़ित मरीज हैं। ऐसे में मच्छरों से होने वाली बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। एक साल पहले इन रास्तों पर सीवर लाइन डालने का कार्य किया गया था। मगर अभी तक भी तोड़े गए रास्तों का निर्माण नहीं किया गया है।
- सुनील पोसवाल, निवासी, राम नगर
प्रशासन की बेरुखी के कारण रास्ते नरक में तब्दील हो चुके हैं। पानी जमा होने के साथ रास्तों पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इससे परेशानी हो रही है।
- प्रदीप कुमार,निवासी, राम नगर
टूटी हुई सड़कों के कारण राम नगर की स्थिति बदहाल है। लोग इन सड़कों से आवागमन करने में भी कतराते हैं। प्रशासन इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराए।
- उर्मिला, निवासी, राम नगर