पलवल में 150 दिव्यांगजनों को मिले ई-स्कूटर, आवागमन होगा आसान और बनेंगे आत्मनिर्भर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान ...और पढ़ें
-1792304881876_m.webp)
पलवल में 150 दिव्यांगजनों को मिले ई-स्कूटर ( फोटो स्रोत : जागरण )
जागरण संवाददाता, पलवल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में दिव्यांगजनों को ई-स्कूटर वितरित किए गए।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने 150 पात्र दिव्यांगजनों को विशेष इलेक्ट्रिक स्कूटर प्रदान किए। एलिम्को और विभिन्न संस्थाओं के सीएसआर सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में स्कूटर मिलने पर दिव्यांगजनों के चेहरे खिल उठे।
इस दौरान गुर्जर ने कहा कि दिव्यांगजन दया नहीं, बल्कि सम्मान, सहयोग और समान अवसर के अधिकारी हैं। सरकार का उद्देश्य उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ आत्मनिर्भर बनाना और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
दूसरों पर निर्भरता होगी कम
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि विशेष ई-स्कूटर दिव्यांगजनों के लिए आवागमन आसान बनाने में मददगार साबित होंगे। इससे वे दैनिक कार्यों के लिए स्वयं आ-जा सकेंगे और उनकी दूसरों पर निर्भरता कम होगी।
उचित सुविधाएं और अवसर मिलने पर दिव्यांगजन शिक्षा, रोजगार, खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत मान्यता प्राप्त दिव्यांगता की श्रेणियां सात से बढ़ाकर 21 की गईं। वहीं, सुगम्य भारत अभियान के माध्यम से सार्वजनिक भवनों, सरकारी कार्यालयों और परिवहन सुविधाओं को दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
वरिष्ठ नागरिकों को भी मिल रहे सहायक उपकरण
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार श्रवण यंत्र, चश्मे, व्हीलचेयर और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं।
उन्होंने दिव्यांगजनों के कल्याण में सहयोग के लिए एलिम्को, एस्कॉर्ट्स कुबोटा समूह तथा अन्य सहयोगी संस्थानों का आभार जताया।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पौधारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य जांच और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। लोकसभा क्षेत्र में अब तक 500 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि किसी कारण से सहायता से वंचित रह गए पात्र दिव्यांगजन संबंधित अधिकारियों के पास आवश्यक दस्तावेज जमा करवा सकते हैं, ताकि आगामी चरण में उन्हें भी नियमानुसार लाभ दिलाने का प्रयास किया जा सके।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में होडल विधायक हरिंद्र सिंह, हथीन विधायक चौधरी मोहम्मद इसराईल, पूर्व मंत्री चौधरी हर्ष कुमार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक दीपक मंगला, पूर्व विधायक प्रवीन डागर, मार्केट कमेटी हथीन के प्रधान हरजीत डागर, नगर परिषद पलवल के अध्यक्ष यशपाल, सतबीर पटेल, डीसी डा जयेंद्र सिंह छिल्लर सहित कई लोग मौजूद रहे।
