Haryana News: पलवल में तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, कपड़ा धोने गई थी दोनों
हथीन इलाके के छांयसा गांव से दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां तालाब पर कपड़ा धोने गई दो किशोरियों की डूबने से मौत हो गई। इनमें से एक किशोरी पांचवी कक्षा की छात्रा थी।
पलवल, जागरण संवाददाता। हरियाणा के पलवल में तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों गांव के पास बने तालाब पर कपड़ा धोने गई थीं। यहां एक का पैर फिसलने पर वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के लिए दूसरी बहन ने भी पानी में छलांग लगा दी थी। दोनों के शवों को परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए दफना दिया।
हथीन के गांव छायंसा में मंगलवार दोपहर को गांव के बड़े तालाब पर दो बहनें (तब्बसुम 12 और मुस्कान 17 वर्ष) कपड़ा धोने के लिए गई हुई थीं। इनमें से एक पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में चली गई। इस बचाने के लिए उतरी दूसरी बहन भी पानी में डूब गई।
कक्षा पांच में पढ़ती थी तब्बसुम
गांव की आबादी से दूर इस तालाब पर अन्य महिलाओं ने दोनों बहनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बचाने में असफल रहीं। घटना के बाद लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों बहनों के शवों को तालाब से निकाला। बताया जाता है कि तब्बसुम पांचवीं कक्षा पढ़ती थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। स्वजनों ने दोनों बहनों के शव को गांव में दफना दिया है। इस मामले की पुलिस में रिपोर्ट नहीं की गई थी।
इसी तालाब में डूबने से दोनों बहनों की हुई मौत।
छोटी को बचाने का बड़ी बहन ने किया था प्रयास
जानकारी के अनुसार गांव छायंसा के रहने वाले समसुद्दीन की दो बेटियां तबस्सुम 12 वर्ष और मुस्कान 17 मंगलवार दोपहर गांव के तालाब में कपड़े धोने गईं थी। गांव से दूर जंगल में मंदिर के समीप यह तालाब बना है। दोपहर को तालाब में बनी दीवार पर बैठकर दोनों बहने कपड़े धो रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कपड़े धोते समय छोटी बहन तब्बसुम का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गई। छोटी बहन को डूबता देख बड़ी बहन मुस्कान ने भी पानी में छंलाग लगा दी।
दोनों का किया गया अंतिम संस्कार
दूसरी ओर वहां पर कपड़ा धो रही गांव की अन्य महिलाओं ने दोनों बहनों को डूबता देखा तो उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन पानी में डूबने के कारण दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। महिलाओं के शोर मचाने पर वहां गांव के लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने तालाब में उतरकर दोनों बहनों के शवों को निकाला। हादसे के चलते इस मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। स्वजनों ने मृतक दोनों बहनों के शव को गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया।