विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल: घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, रंजिश में मारी गोली, हालत नाजुक

Published: Thu, 15 Oct 2026 01:51 PM (IST)

पलवल के कलसाड़ा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को घर में घुसकर गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, रंजिश में मारी गोली ( एआई जेनरेटेड इमेज )

घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, रंजिश में मारी गोली ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. पलवल के कलसाड़ा गांव में युवक पर जानलेवा हमला।

  2. पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर मारी गोली।

  3. घायल युवक मोहित की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती।

जागरण संवाददाता, पलवल। हथीन थाना अंतर्गत कलसाड़ा गांव में रंजिश के चलते दिनदहाड़े घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।

आरोपितों ने कट्टे से युवक पर गोलियां चलाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की मां की शिकायत पर चार नामजद आरोपितों सहित अन्य के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस से की गई शिकायत

कलसाड़ा गांव की रहने वाली लज्जा देवी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह और उनका बेटा मोहित घर के कामकाज में व्यस्त थे। उसी दौरान मनोज उर्फ मन्नू, ओमप्रकाश, नरेंद्र और अन्य दो व्यक्ति जबरन उनके घर में घुस आए।

आरोपियों के हाथों में अवैध कट्टे थे और वे घर में आते ही गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद उन्होंने सीधे मोहित पर फायरिंग कर दी। मनोज उर्फ मन्नू द्वारा चलाई गई गोली सीधे मोहित के बगल (पसलियों के पास) में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया।

परिवार को दी जान से मारने की धमकी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए और जाते-जाते परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना मिलते ही हथीन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीन आफ क्राइम टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस को पता चला कि घायल मोहित को पहले पलवल के गुरु नानक अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

फिलहाल घायल मोहित का इलाज फरीदाबाद के निजी अस्पताल में चल रहा है। डाक्टरों के अनुसार, अत्यधिक खून बहने और आंतरिक चोटों के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र: अनबन के चलते ससुराल नहीं जा रही थी पत्नी, गुस्साए पति ने कर दी हत्या; फिर खुद भी दी जान