KMP एक्सप्रेसवे पर फिर हुआ हादसा, श्रद्धालुओं से भरी पिकअप में कैंटर ने मारी जोरदार टक्कर; ड्राइवर की मौत
केएमपी एक्सप्रेसवे पर जोधपुर गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को पीछे से तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार ...और पढ़ें

इसी कैंटर ने मारी पिकअप को टक्कर मारी थी। इस दौरान पिकअप में सवार कई श्रद्धालु घायल हो गए। स्वजन
HighLights
केएमपी एक्सप्रेसवे पर पिकअप को कैंटर ने मारी टक्कर।
टायर ठीक करते समय पिकअप चालक राजेश महतो की मौत।
हादसे में कई श्रद्धालु घायल, कैंटर चालक फरार।
जागरण संवाददाता, पलवल। केएमपी एक्सप्रेसवे पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते मंगलवार रात जोधपुर गांव के पास पलवल टोल टैक्स के नजदीक दिल्ली से श्रद्धालुओं को लेकर वृंदावन जा रही पिकअप गाड़ी को पीछे से तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। इस दौरान पिकअप का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में पिकअप में सवार कई श्रद्धालु भी घायल हो गए।
बीते माह हो गई थी छह लोगों की मौत
अब सभी घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान पिकअप चालक राजेश महतो की मौत हो गई। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बीते माह भी केएमपी एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक में टक्कर लगने से पिकअप सवार छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी।
गाड़ी में थीं कई सवारियां
उत्तम नगर, नई दिल्ली निवासी अंकित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता राजेश महतो पिकअप गाड़ी चलाते थे। रात वह पिकअप में दिल्ली से श्रद्धालुओं को लेकर वृंदावन जा रहे थे। गाड़ी में कई सवारियां बैठी हुई थीं। रात के समय जब पिकअप केएमपी एक्सप्रेसवे पर जोधपुर गांव और पलवल टोल टैक्स के पास पहुंची तो उसके अगले दाहिने टायर में खराबी आ गई।
श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई
राजेश महतो ने पिकअप को एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा किया और टायर ठीक करने के लिए नीचे उतर गए। पिकअप में सवार श्रद्धालु उस समय वाहन के पिछले हिस्से में बैठे हुए थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कैंटर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिकअप में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।
टायर ठीक करने उतरा था ड्राइवर
सड़क किनारे टायर ठीक कर रहे राजेश महतो भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पिकअप में सवार उत्तम नगर निवासी रेखा देवी, नेहा देवी, अनीता देवी और वीरेंद्र समेत कई अन्य श्रद्धालु घायल हुए। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित न हो
इलाज के दौरान राजेश महतो ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर सदर पलवल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एनएचएआई टोल टैक्स की रिकवरी क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, ताकि एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित न हो।
आरोपित ड्राइवर की होगी गिरफ्तारी
बुधवार देर शाम पुलिस ने मृतक राजेश महतो के शव का पोस्टमार्टम कराया। सदर थाना प्रभारी हरि किशन ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त कैंटर के नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है। जल्द ही आरोपित ड्राइवर को गिरफ्तार किया जाएगा।
लगातार हो रहे हादसे बढ़ा रहे चिंता
केएमपी एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसे चिंता बढ़ा रहे हैं। बीते माह भी सड़क किनारे खड़े ट्रक में पिकअप की टक्कर होने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। अब एक बार फिर सड़क किनारे खराब पिकअप को ठीक करते समय पीछे से आए कैंटर की टक्कर में चालक की जान चली गई। ऐसे में एक्सप्रेसवे पर खराब होने वाले वाहनों की सुरक्षा और सड़क किनारे खड़े वाहनों को लेकर प्रभावी इंतजाम की जरूरत महसूस की जा रही है।
