गुरुग्राम में केएमपी एक्सप्रेसवे पर खराब खड़े ट्रक से भिड़ा कैंटर, ड्राइवर सहित दो लोगों की मौत
केएमपी एक्सप्रेसवे पर फरुखनगर के पास एक खड़े खराब ट्रक से कैंटर टकरा गया, जिससे चालक और सहचालक की मौत ...और पढ़ें

केएमपी एक्सप्रेसवे पर फरुखनगर के पास एक खड़े खराब ट्रक से कैंटर के भिड़ने से दो लोगों की मौत हो गई।
HighLights
केएमपी एक्सप्रेसवे पर खराब खड़े ट्रक से कैंटर भिड़ा।
हादसे में कैंटर चालक और सहचालक की मौके पर मौत।
ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया।
संवाद सहयोगी, फरुखनगर। फरुखनगर थाना क्षेत्र के केएमपी एक्सप्रेसवे पर झुंडसराय के पास मंगलवार रात सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से आ रहा तेज रफ्तार कैंटर भिड़ गया। हादसे में कैंटर चालक और सहचालक की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। आरोपित ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
मृतकों की पहचान मूल रूप से मथुरा जिले के कहरेला गांव निवासी विशाल और भोजपुर के नवादा आरा गांव निवासी कृष कुमार के रूप में की गई। पुलिस के अनुसार विशाल इस समय फरीदाबाद के कल्याणपुर झुग्गी और कृष चाचा चौक पर रहते थे। बताया जाता है कि विशाल कैंटर चला रहा था, जबकि कृष कुमार उसके साथ सहचालक के रूप में मौजूद था।
कैंटर सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गया
पलवल से कुंडली की तरफ जाते समय झुंडसराय के पास इनका कैंटर सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फरुखनगर थाना पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि ट्रक खराब हो गया था, इसलिए चालक उसे छोड़कर कहीं चला गया था। ट्रक पर रिफ्लेक्टर नहीं थे और न ही पार्किंग लाइट जल रही थी। चालक ने मामले में लापरवाही की। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इधर, मृतकों के स्वजन को घटना की जानकारी दी गई है। उनके आने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के बाद सौंप दिया जाएगा।
