हसनपुर में जर्जर मार्ग की बदलेगी सूरत, 47 लाख से बन रही फिरनी सड़क; लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
हसनपुर में 47 लाख रुपये की लागत से बूस्टर से मछली मोहल्ला तक फिरनी सड़क का निर्माण कार्य तेजी से ...और पढ़ें
-1794055226709_m.webp)
हसनपुर में 47 लाख रुपये की लागत से शुरू हुआ फिरनी सड़क का निर्माण। जागरण
HighLights
हसनपुर में 47 लाख की लागत से फिरनी सड़क निर्माण कार्य शुरू।
गहरे गड्ढों से निजात मिलने से स्थानीय लोगों को राहत।
धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मार्ग पर श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा।
संवाद सहयोगी, हसनपुर। हसनपुर के बूस्टर से मछली मोहल्ला तक 47 लाख रुपये की लागत से फिरनी की सड़क का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण से स्थानीय लोगों ने काफी राहत की सांस ली है, क्योंकि लंबे समय से सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन जाने के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता था।
क्षेत्रवासियों द्वारा इस सड़क के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। स्थानीय लोगों ने इस महत्वपूर्ण मुद्दे को विधायक हरेंद्र सिंह के समक्ष उठाया था, जिसके बाद विधायक कोटे से फिरनी सड़क के निर्माण के लिए 47 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसे इंटरलाकिंग टाइलों से तैयार किया जा रहा है।
धार्मिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है यह मार्ग
यह सड़क मार्ग धार्मिक दृष्टि से भी अत्यधिक अहम माना गया है। अधिमास के महीने में ब्रज परिक्रमा में इसी सड़क मार्ग से रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु यमुना नदी पार कर उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते हैं। पहले सड़क के जर्जर होने के कारण श्रद्धालुओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
सड़क निर्माण कार्य पूरा होने से आम नागरिकों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। दिवाली के तुरंत बाद इस निर्माण कार्य के जल्द ही पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को गड्ढ़ों से राहत मिलेगी, तेज गति से चल रहा सड़क के निर्माण कार्य को जल्द पूरा होने की उम्मीद है। - गिर्राज सिंह
सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों को घरों के सामने सड़क पर बने गड्ढ़ों से निजात मिलेगी। स्थानीय लोगों के लिए अच्छी खबर है। - खजान सिंह, स्थानीय निवासी