देवी चित्रलेखा ने 6 साल की उम्र में शुरू किया था कथावाचन, हरियाणा से विदेशों तक पहचान, वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज
देवी चित्रलेखा, जो 6 साल की उम्र से कथावाचन कर रही हैं, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में सबसे कम उम्र की मुख्य वाचक के रूप में दर्ज हैं। हरियाणा के पलवल में जन्मीं देवी चित्रलेखा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हैं और गोसेवा के लिए अस्पताल भी चलाती हैं।
-1795519651404_m.webp)
कथावाचक देवी चित्रलेखा, पति माधव तिवारी के साथ। फोटो- आधिकारिक इंस्टा हैंडल से
HighLights
6 साल की उम्र से कथावाचन, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम।
हरियाणा के पलवल में जन्म, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई।
कथावाचन के साथ गोसेवा में सक्रिय, चलाती हैं अस्पताल।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। श्रीमद्भागवत कथा और अपने भजनों के लिए देश ही नहीं विदेशों में भी कथावाचक देवी चित्रलेखा मशहूर हैं। उनकी कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में बुजुर्ग ही नहीं बच्चे और नौजवान भी आते हैं। युवाओं में उनकी खासी लोकप्रियता है।
देवी चित्रलेखा का जीवन एक मिसाल है। वह बहुत छोटी उम्र से ही कथा सुना रही हैं और उनके नाम सबसे छोटी उम्र में व्यास पीठ पर मुख्य वाचक के रूप में कथा वाचन का रिकॉर्ड गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है।

लेकिन क्या आप जानते हैं कि वह कहां की रहने वाली हैं और उनकी शादी किससे हुई है, साथ ही वह कथावाचन के अलावा क्या करती हैं, जानिए सबकुछ...

हरियाणा के पलवल में हुआ जन्म
देवी चित्रलेखा का जन्म हरियाणा के पलवल के खांबी गांव में 19 जनवरी 1997 में हुआ था। उनके पिता का नाम टिकराम शर्मा और मां का नाम चमेली देवी है। बचपन से ही देवी चित्रलेखा का मन कहानियों और भजन में लगता था।
यही वजह है कि जब वह 4 साल की हुईं तो उन्हें श्री श्री गिरधारी बाबा से गौड़ीय वैष्णव परंपरा में दीक्षा मिली। यहां से उन्होंने भजन सीखना शुरू किया और आध्यात्म में उनकी रुचि बढ़ती गई। जब वह मात्र 6 साल की थीं तब से ही उन्होंने लोगों के सामने कथा सुनाना शुरू कर दिया।

खेलकूद की उम्र में लोगों को भगवान की कथा और भजन सुनाने वाली देवी चित्रलेखा की कथा शैली खास है। वह बीच-बीच में भजन में भी गाती हैं। भारत के तमाम शहरों के अलावा वह अमेरिका, ब्रिटेन समेत तमाम यूरोपीय व अफ्रीकी देशों में भी कथा वाचन कर चुकी हैं।
कौन हैं कथावाचक देवी चित्रलेखा के पति?
कथावाचक देवी चित्रलेखा का विवाह माधव तिवारी यानी माधव प्रभुजी के साथ हुआ है। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के रहने वाले माधव प्रभुजी से देवी चित्रलेखा की शादी 23 मई 2017 में हुई थी। इनकी शादी की खास बात है कि दोनों ने पलवल के गोसेवा धाम में हुई थी। माधव भी देवी चित्रलेखा की तरह गौड़ीय वैष्णव परंपरा से जुड़े हुए हैं।

दोनों के बीच का प्यार, बॉन्डिंग इनके सोशल मीडिया पोस्ट से भी देखी जा सकती है। दोनों ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक-दूसरे के साथ चैटिंग करते रहते हैं।

देवी चित्रलेखा हैं बड़ी गोसेवक, बनाया इलाज के लिए अस्पताल
अगर आपने देवी चित्रलेखा के बारे में कम सुना है तो बता दें कि वह कथावाचन के साथ ही गोसेवा में भी सक्रिय हैं। सड़क पर घूमने वाली बेसहारा गायों को देख उन्होंने गायों की सेवा का संकल्प लिया। इसके लिए उन्होंने अस्पताल भी खोला है। इसका उद्घाटन हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया था। साथ ही वह विश्व संकीर्तन यात्रा ट्रस्ट के माध्यम से भी गोसेवा करती हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।