नूंह मंडी में बाजरे का 'बंपर धमाका': 1.56 लाख क्विंटल आवक, ऑल-टाइम रिकॉर्ड टूटने की कगार पर
नूंह जिले की तावड़ू मंडी में बाजरे की बंपर आवक दर्ज की गई है, जो पिछले सीजन की कुल आवक के बेहद करीब पहुंच गई है।

बाजरा आवक में तावड़ू मंडी अव्वल (AI-Generated image)
HighLights
तावड़ू मंडी में 1.56 लाख क्विंटल से अधिक बाजरा पहुंचा।
पिछले सीजन की कुल आवक के बेहद करीब पहुंची तावड़ू मंडी।
एसडीएम ने बाहरी फसल रोकने के लिए नाकों का निरीक्षण किया।
शिशपाल सहरात, नूंह। जिले की अनाज मंडी तावड़ू में बाजरे की आवक लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार तक मंडी में 1,56,300 क्विंटल से अधिक बाजरे की आवक दर्ज की जा चुकी है।
नूंह जिले की अन्य अनाज मंडियों की तुलना में तावड़ू मंडी इस सीजन बाजरे की आवक के मामले में सबसे आगे चल रही है। पिछले सीजन में तावड़ू मंडी में कुल 1,80,888 क्विंटल बाजरा पहुंचा था। ऐसे में इस बार की आवक पिछले साल के कुल आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है।
बाजरे की बंपर आवक के चलते मंडी में किसानों और वाहनों की आवाजाही भी बढ़ी हुई है। प्रशासन की ओर से मंडी व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है,ताकि किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बाहरी फसल रोकने को एसडीएम ने जांचे नाके
स्थानीय किसानों की फसल की खरीद व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए एसडीएम जितेंद्र गर्ग ने क्षेत्र में बनाए गए विभिन्न नाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने नाकों पर तैनात कर्मचारियों को दूसरे क्षेत्रों से आने वाली बाजरे की फसल पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही वाहनों की जांच और निगरानी बढ़ाने को कहा।
एसडीएम के चेकिंग अभियान के बाद बाहरी क्षेत्रों से आने वाली फसल पर निगरानी का असर भी देखने को मिला। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि स्थानीय किसानों को अपनी उपज बेचने में प्राथमिकता और पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए।
जिले की चार मंडियों में 3.16 लाख क्विंटल आवक
पिछले सीजन में नूंह जिले की नूंह,तावड़ू, फिरोजपुर झिरका और पुन्हाना मंडियों में कुल 4,17,882 क्विंटल बाजरे की आवक हुई थी। वहीं,इस बार 19 अक्टूबर तक चारों मंडियों में 3,23584 क्विंटल बाजरा पहुंच चुका है। अकेले तावड़ू मंडी की आवक जिले की कुल आवक में बड़ा हिस्सा रखती है। आवक बढ़ने के साथ प्रशासन ने निगरानी और मंडी व्यवस्था को भी मजबूत किया है।
वर्ष 2025 में जिले की मंडियों में आया बाजरा
नूंह मंडी: 13256
तावड़ू: 180888
फिरोजपुर झिरका: 151965
पुनहाना: 71733
कुल: 417842 क्विंटल
सीजन 2026 में
तावड़ू मंडी: 156300
नूंह:13698
फिरोजपुर झिरका: 78377
पुन्हाना: 75209
कुल: 323584 क्विंटल
'रविवार तक 2448 गेट पास के द्वारा जे फार्म जारी किए जा चुके हैं। जिसके तहत 60669 क्विंटल बाजरे के गेट पास कटे हैं। सभी किसान भाइयों से एक बार फिर अपील की जाती है कि अपनी फसलों को साफ सुखाकर ही मंडी लेकर आएं,ताकि बाजरा खरीद में किसी तरह की कोई परेशानी ना हो।'
-मनीष कुमार, सचिव मार्केट कमेटी,तावड़ू
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी अनाज मंडी में बारिश से भीगा सैकड़ों क्विंटल बाजरा, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
यह भी पढ़ें- नूंह में सरकारी खरीद के इंतजार में किसान, औने-पौने दामों पर बाजरा बेचने को मजबूर
