मुख्यमंत्री ने अंतिम पंक्ति तक पहुंचाया अपनी सरकार का विकास : मनीष जैन
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी मनीष जैन ने पार्टी के जन जागरण अभियान के तहत कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से अवगत कराया।
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका: भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी मनीष जैन ने पार्टी के जन जागरण अभियान के तहत कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से अवगत कराया। इस मौके पर उन्होंने लोगों को एनपीआर और सीएए के बारे में भी ग्रामीणों को विस्तृत रूप से जानकारी दी।
जिला मीडिया प्रभारी ने गांव अगोन में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपनी जन हितैषी योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाकर देश के हर उस गरीब और मजलूम को सहारा दिया है जो पहले की सरकारों में सरकारी की योजनाओं से महरुम रहा करते थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पारदर्शी नीतियों और अथक प्रयासों की बदौलत मेवात के प्रत्येक व्यक्ति तक सरकार का विकास पहुंचा है। आज प्रदेश सरकार द्वारा करवाए गए विकास कार्यो से क्षेत्र की जनता काफी खुश है। उन्होंने कहा आज मेवात का युवा बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी पाकर भाजपा सरकार को दुआ दे रहा है। जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में पुन: सरकार बनाकर लोगों का दिल जीतने का काम किया है। जिस तरह पिछली सरकार में मेवात के विकास पर ध्यान दिया गया था ठीक उसी तरह सरकार मेवात के विकास पर फिर से खास तौर पर ध्यान दे रही है। भाजपा सबका साथ सबका विकास और सबके विश्वास को लेकर काम कर रही है।
अंत में मनीष जैन ने कहा एनपीआर और सीएए से किसी को डरने की जरूरत नहीं है ये कानून किसी भी भारतीय नागरिक की कोई नागरिकता नहीं छीन रहा है। इस कानून का डर दिखाकर राजनीतिक पार्टिंयां लोगों के बीच भ्रम और नफरत का माहौल पैदा कर रही हैं।