पुन्हाना में नहीं थम रही ओवरलोड डंपरों की रफ्तार
क्षेत्र की सड़कों पर ओवरलोड वाहनों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। रात ही नहीं बल्कि दिन में भी सड़कों पर ऐसे वाहनों को फर्राटा भरते हुए देखा जा सकता है। ऐसे में दुर्घटनाएं भी बढ़ गई हैं। वहीं कोई ठोस कार्रवाई न होने के चलते वाहन चालकों में प्रशासन का तनिक भी खौफ नहीं है। लोगों ने पुलिस कप्तान संगीता कालिया से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर इनकी रफ्तार को भी कम करने की मांग की है ताकि सड़कों पर बेखौफ होकर चला जा सके। बता दें कि पुन्हाना क्षेत्र व इससे सटे राजस्थान के समीपवर्ती इलाकों में बड़ी संख्या में क्रेसर प्लांट लगे हुए हैं। जिसके चलते यहां से सैंकड़ों की संख्या में वाहन खनिज सामग्री ढोने के कार्य में लगे हुए हैं।
संवाद सहयोगी, पुन्हाना : क्षेत्र की सड़कों पर ओवरलोड वाहनों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। रात ही नहीं बल्कि दिन में भी सड़कों पर ऐसे वाहनों को फर्राटा भरते हुए देखा जा सकता है। ऐसे में दुर्घटनाएं भी बढ़ गई हैं। वहीं कोई ठोस कार्रवाई न होने के चलते वाहन चालकों में प्रशासन का तनिक भी खौफ नहीं है। लोगों ने पुलिस कप्तान संगीता कालिया से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर इनकी रफ्तार को भी कम करने की मांग की है, ताकि सड़कों पर बेखौफ होकर चला जा सके।
बता दें कि पुन्हाना क्षेत्र व इससे सटे राजस्थान के समीपवर्ती इलाकों में बड़ी संख्या में क्रशर प्लांट लगे हुए हैं। इसके चलते यहां से सैकड़ों की संख्या में वाहन खनिज सामग्री ढोने के कार्य में लगे हुए हैं। ये वाहन ओवरलोड सामान भरकर पुन्हाना के गांवों से होते हुए उत्तर प्रदेश व दिल्ली के बडे़-बडे़ शहरों तक पहुंचते हैं।
शहरवासी लक्ष्मण, रविदर, रोहित, अनिल, प्रशांत, चंद्र मोहन सहित लोगों ने बताया कि पिछले कुछ समय से ओवरलोड के साथ ही वाहनों की रफ्तार भी काफी बढ़ गई है। सड़कों पर बेखौफ दौड़ने वाले वाहनों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। इन हादसों में कई लोग अपनी जान भी गवां चुके हैं। अगर पूरे वर्ष के आंकड़े देखते जाए तो यह संख्या सैंकड़ों में पहुंच जाती है।
इसके साथ ही ऐसे वाहनों से सड़कों के टूटने के साथ ही प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है जिसकी ओर प्रशासन का बिल्कुल ध्यान नहीं है। ऐसे में प्रशासन को ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि इन पर लगाम लगाई जा सके। अगर ओवरलोड व रफ्तार से चलने वाहन पर रोक लग जाती है तो निश्चित रूप से दुर्घटनाओं पर भी रोक लग पाएगी। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर नाके लगाए जाएंगे ताकि यहां से निकलने वाले वाहनों पर नजर रखने के साथ ही ओवरलोड वाहनों को चालान करने के साथ ही उन्हें जब्त किया जाएगा।
- कृष्ण कुमार, थाना प्रभारी पुन्हाना