पुन्हाना के लोगों को जल्द मिलेगी पार्क की सौगात
वर्षों से पार्क की बाट जोह रहे शहर के लोगों की मांग पूरी होने जा रही है। जल्द ही शहर के लोगों को पार्क की सौगात मिलने जा रही है। इस बाबत नगरपालिका प्रशासन द्वारा उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक को भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के साथ ही सरकार द्वारा पार्क के लिए राशि भी मंजूर कर दी गई है। नगरपालिका प्रशासन द्वारा जल्द ही इसका ठेका छोड़कर जमालगढ़ रोड से लगते वार्ड पांच में पार्क का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
जागरण संवाददाता, पुन्हाना:
वर्षों से पार्क की बाट जोह रहे शहर के लोगों की मांग पूरी होने जा रही है। जल्द ही शहर के लोगों को पार्क की सौगात मिलेगी। इस बाबत नगरपालिका प्रशासन द्वारा उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक को भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के साथ ही सरकार द्वारा पार्क के लिए राशि भी मंजूर कर ली गई है। नगरपालिका प्रशासन द्वारा जल्द ही इसका ठेका छोड़कर जमालगढ़ रोड से लगते वार्ड पांच में पार्क का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
बता दें, कि वर्षों से शहर में कोई भी पार्क नहीं है। ऐसे में सुबह-शाम सैर करने वाले लोग शहर की मुख्य सड़कों पर ही सैर-सपाटा कर पाते हैं, जिससे उन्हें पार्क की कमी खलती रही है। इसको देखते हुए शहरवासी समय-समय पर शहर में पार्क बनाने की मांग नगरपालिका प्रशासन से लेकर स्थानीय नेताओं के समक्ष उठाते रहे हैं। इसको देखते हुए नगरपालिका ने शहर में पार्क बनाने का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा था। प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। इसके साथ ही राशि भी मंजूर कर ली गई है। जल्द ही नगरपालिका द्वारा पार्क निर्माण के लिए ठेका छोड़ा जाएगा। पार्क की योजना को लेकर शहरवासियों में भी खुशी देखने को मिल रही है। एक करोड़ की लागत से बनेगा पार्क:
जमालगढ़ रोड से लगते हुए नगरपालिका के वार्ड पांच में एक करोड़ की लागत से चार एकड़ भूमि पर पार्क बनाया जाएगा। पार्क बनाने के साथ ही पार्क में घास से लेकर पेड़-पौधे व बच्चों के लिए झूले भी लगवाए जाएंगे। इससे बच्चों से लेकर बुजुर्ग व आमलोग भी यहां पर सुबह-शाम की सैर करने के साथ ही घूम सकेंगे। शहर में पार्क बनाने की योजना को मंजूरी मिल चुकी है। जिसके लिए एक करोड़ की राशि भी मंजूर हुई है। उम्मीद है कि आगामी माह में ही पार्क का ठेका छोड़ कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इसके बाद पुन्हाना में लोगों को भी पार्क की सुविधा मिल पाएगी।
-सुनील कुमार, सचिव नगरपालिका पुन्हाना।