सीसीटीवी कैमरा और मोबाइल टॉयलेट बनाने की योजना अधर में
फिरोजपुर झिरका शहर में सीसीटीवी कैमरा और मोबाइल टॉयलेट बनाने की योजना दो साल से अधूरी पड़ी है। शहर के लिए महत्वपूर्ण उपरोक्त योजनाओं पर काम नहीं होने से शहरवासियों में पालिका प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी बनी हुई है।
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका: फिरोजपुर झिरका शहर में सीसीटीवी कैमरा और मोबाइल टॉयलेट बनाने की योजना दो साल से अधूरी पड़ी है। शहर के लिए महत्वपूर्ण उपरोक्त योजनाओं पर काम नहीं होने से शहरवासियों में पालिका प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी बनी हुई है। दरअसल उपरोक्त योजनाओं को लेकर वर्ष 2017 में पार्षदों की बैठक में यह प्रस्ताव पास हुआ था। प्रस्ताव पास हुआ सदन में कार्यों को लेकर मंजूरी भी मिली, लेकिन नपा के अधिकारी प्रस्ताव पर कुंडली मारकर बैठ गए। शहरवासियों को उम्मीद थी कि सीसीटीवी कैमरे लगने से आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगेगा। जबकि मोबाइल टॉयलेटों से स्वच्छता अभियान को गति मिलती। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। स्थानीय निवासियों ने प्रदेश सरकार से शहर के लिए इन योजनाओं को सिरे चढ़ाने की मांग की है।
बता दें कि फिरोजपुर झिरका शहर की नगर पालिका आय के मामले में प्रदेश की धनी नगर पालिकाओं में गिनी जाती है। पालिका के खजाने में करोड़ों की राशि है। लेकिन यह राशि पिछले कुछ वर्षों से शहर के विकास कार्यों पर उस पैमाने पर खर्च नहीं हो रही है जिसकी लोग उम्मीद कर रहे हैं। आखिरकार क्यों हो रही है देरी: दो वर्ष पहले नपा पार्षदों की सहमति से शहर में स्ट्रीट लाइट, मोबाइल टॉयलेट और सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना सहित कई विकास कार्यों की योजनाओं को मंजूरी दी गई थी। स्ट्रीट लाइट का टेंडर छोड़ दिया गया जबकि अन्य दो कार्यों का टेंडर पेंडिग है। इसमें कहां और कैसे देरी हो रही इस बारे में कोई जवाब देने वाला नहीं है। शहर के लोगों का आरोप है कि इस समय में शहर में जिस चीज की सबसे ज्यादा कमी महसूस हो रही है वो है सीसीटीवी कैमरें इस योजना पर तुरंत प्रभाव से काम शुरु होना चाहिए। लोगों ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे न होने से शहर में चोरियां बढ़ रही हैं जिससे आम नागरिकों के साथ साथ पुलिस को भी भारी परेशानियां हो रही हैं।
शहर में सीसीटीवी और मोबाइल टॉयलेट बनाने की योजना का प्रस्ताव पास हो चुका है। लेकिन टेंडर प्रक्रिया अभी तक जारी नहीं हुई है। इसमें कहां और कैसे देरी हो रही है इस बाबत नपा के अधिकारियों से बात कर जल्द ही टेंडर लगवाने की प्रक्रिया शुरू करवा दी जाएगी।
अशोक गुर्जर चेयरमैन नगर पालिका फिरोजपुर झिरका।