नूंह में अंग्रेजों के जमाने की जर्जर इमारत से छुटकारा, हाईटेक रेजिडेंशियल कॉलोनी और विश्राम गृह को हरी झंडी
नूंह में 37.80 करोड़ रुपये की लागत से नया विश्राम गृह, लोक निर्माण विभाग का कार्यालय और 35 आवासीय मकान ...और पढ़ें

नूंह में यहीं बनेगा विश्राम गृह। फोटो: जागरण
HighLights
नूंह में नया विश्राम गृह, PWD कार्यालय, 35 आवासीय मकान बनेंगे
कुल 37.80 करोड़ रुपये की लागत से होगा यह निर्माण कार्य
पुराने जर्जर भवनों की जगह नए आधुनिक निर्माण की तैयारी
मोहम्मद हारून,नूंह। शहर में नए विश्राम गृह, लोक निर्माण विभाग के कार्यालय और आवासीय कॉलोनी के बनने का रास्ता साफ हो गया है। तीनों कार्यों को पूरा करने पर लोक निर्माण विभाग 37 करोड़ 80 लाख रुपये खर्च करेगा।
पुराना विश्राम गृह जर्जर हो गया था। उसके स्थान पर नया विश्राम गृह बनाने की योजना है। इसी के साथ पुराने लोक निर्माण विभाग के कार्यालय की जगह नया कार्यालय और अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए 35 आवासीय मकान बनाने की योजना है।
सरकार से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुराने भवनों की जगह बनेंगे नए भवन
बता दें कि शहर में अंग्रेजों के समय का पुराना विश्राम गृह था, जो काफी पुराना हो चुका है। वहीं, लोक निर्माण विभाग का पुराना कार्यालय भी काफी पुराना था।
विभाग की तरफ से नया विश्राम गृह, कार्यालय और आवासीय कॉलोनी बनाने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजे गए थे। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद विभाग ने आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
तीनों कार्यों पर खर्च होंगे 37.80 करोड़
बताया गया है कि नए विश्राम गृह पर 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा आवासीय कॉलोनी के 35 कमरों और लोक निर्माण विभाग के कार्यालय पर 17 करोड़ 90 लाख रुपये की राशि खर्च होगी।
विभाग की तरफ से तीनों कार्यों को गति देने के लिए डिटेल एस्टीमेट और डिजाइन का काम पूरा किया जा रहा है। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
20 साल बाद मिलेगा नए विश्राम गृह
ध्यान रहे कि जिले को बने 20 वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन यहां नया विश्राम गृह नहीं बन पाया था। इसके बनने से बाहर से आने वाले वीआइपी और अन्य लोगों को सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नया कार्यालय मिलेगा और विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए वर्षों से चली आ रही आवासीय कॉलोनी की कमी भी पूरी होगी।
तीनों कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति के बाद डिजाइन व डिटेल एस्टीमेट तैयार किए जा रहे हैं। उसके बाद टेंडर प्रक्रिया का कार्य पूरा होगा, यह कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। इसके बाद निर्माण की कार्रवाई शुरू कराई जाएगी।
- प्रदीप संधू, कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग नूंह
यह भी पढ़ें- मेवात में खोई जमीन तलाशने में जुटी इनेलो, 27 सितंबर को नूंह में होगी 'सम्मान दिवस रैली'
