नूंह में पुलिस की गौ तस्करों से मुठभेड़, क्रॉस फायरिंग में 3000 के इनामी बदमाश सहित दो तस्कर घायल
नूंह के घासेड़ा गांव के पास पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो तस्करों को गोली लगी ...और पढ़ें

नूंह में गौ तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, क्रॉस फायरिंग में दो बदमाश घायल।
HighLights
नूंह में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई।
क्रॉस फायरिंग में दो तस्करों के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने मौके से गोवंश और हथियार बरामद किए।
जागरण संवाददाता, नूंह। जिले के सदर थाना नूंह क्षेत्र के गांव घासेड़ा के नजदीक बीती रात करीब 3.30 बजे फिरोजपुर झिरका सीएस स्टाफ और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। क्रास फायरिंग के दौरान दो गौ तस्करों के पैर में गोली लग गई, जिन्हें काबू कर लिया गया, जबकि दो आरोपी रात्रि में मौके का फायदा उठाकर भाग गए। घायलों को बलिदानी हसन खां मेवाती मेडिकल नल्हड़ अस्पताल नल्हड़ नूंह में दाखिल कराया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह समय करीब 3.30 बजे उप-निरीक्षक महेंद्र सिंह प्रभारी सीएस स्टाफ फिरोजपुर झिरका के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना प्राप्त हुई कि गौ-तस्कर गुरुग्राम-सोहना-नूंह होते हुए गौकशी के लिए गोवंश को राजस्थान की तरफ लेकर जाएंगे।
गांव घासेड़ा थाना सदर नूंह के नजदीक नाकाबंदी की गई
सूचना के आधार पर उप-निरीक्षक महेंद्र सिंह प्रभारी सीएस स्टाफ फिरोजपुर झिरका के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा गांव घासेड़ा थाना सदर नूंह के नजदीक नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद एक अर्टिगा कार करीब 50-60 मीटर पहले आकर रुकी और वापस मुड़ने लगी।
पुलिस टीम ने सरकारी गाड़ी से उन्हें रोकने की कोशिश की तो अर्टिगा गाड़ी चालक ने पुलिस की सरकारी गाड़ी में टक्कर मार दी और कंडक्टर साइड बैठे व्यक्ति ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिससे दोनों तरफ से क्रॉस फायरिंग हुई। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर दो व्यक्ति भाग गए।
पूछताछ में उन्होंने फरार होने वालों के नाम भी बताए
क्रॉस फायरिंग में घायल हुए आरोपित के नाम पता पूछा तो पहले ने अपना नाम शमशाद उर्फ सेंदा पुत्र लीलाखान निवासी उटावड़ जिला पलवल और दूसरे ने रोबिन पुत्र ईसब खान उर्फ चोडा निवासी आलीमेव जिला पलवल बताया। पूछताछ में उन्होंने फरार होने वालों के नाम भी बताए। घटनास्थल से पुलिस ने 3 गोवंश, 2 देसी कट्टे, 4 कारतूस और 3 खाली खोल बरामद किए हैं। साथ ही अर्टिगा गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित रोबिन पर पहले से 12 मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में इनामी बदमाश रह चुका है, जबकि शमशाद उर्फ सेंदा पर 2 मुकदमे दर्ज हैं और वह राजस्थान पुलिस का 3000 रुपये का इनामी है। अन्य राज्यों व जिलों में भी आरोपितों पर कई अभियोग अंकित हैं, जिनका रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपितों की तलाश जारी है।
