विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नूंह: ड्राई डे पर भी खुलेआम बिकती रही शराब, आबकारी विभाग की मुस्तैदी पर उठे सवाल

Published: Sat, 15 Aug 2026 05:45 PM (IST)

नूंह के तावड़ू क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के 'ड्राई डे' पर भी शराब के ठेके खुले रहने से आबकारी विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं।

HighLights

  1. स्वतंत्रता दिवस पर नूंह में खुले रहे शराब ठेके।

  2. आबकारी विभाग की निगरानी और कार्यशैली पर उठे सवाल।

  3. जांच कर मुख्यालय को भेजी गई रिपोर्ट, कार्रवाई की मांग।

जागरण संवाददाता, नूंह। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकार की ओर से घोषित ड्राई डे के बावजूद तावड़ू क्षेत्र में शराब के ठेके खुले रहने की शिकायतों ने आबकारी विभाग की निगरानी और कार्य शैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शनिवार को खोरी कला क्षेत्र में राजस्थान सीमा से सटे भिवाड़ी बार्डर पर एक शराब के ठेके पर खुले आ शम शराब बेची गई। स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने मामले को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है।

खोरी कला पंचायत सदस्य आजाद अली सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि 15 अगस्त को शराब की बिक्री पर प्रतिबंध होने के बावजूद ठेका खुलना गंभीर मामला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर चोरी-छिपे शराब की बिक्री भी की गई। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व पर प्रशासन सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती का दावा करता है, लेकिन ड्राई डे के नियमों की अनदेखी होना विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े करता है।

ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के दौरान भी खुले थे ठेके

स्थानीय लोगों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले शराब ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और यदि निगरानी में लापरवाही हुई है तो संबंधित अधिकारियों की भी जवाबदेही तय की जाए।

बता दें कि इससे पहले तीन अगस्त को ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के दौरान भी शराब के ठेके बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे। उस दौरान भी कुछ स्थानों पर पिछले दरवाजे से शराब बिक्री की शिकायतें सामने आई थीं।

वहीं आबकारी विभाग के निरीक्षक बिशंबर दयाल यादव ने बताया कि शिकायत मिलने पर मौके पर जाकर जांच की गई। एक शराब का ठेका खुला मिला है। इसकी रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेज दी गई है। आगामी कार्रवाई मुख्यालय स्तर से की जाएगी।

यह भी पढ़ें- मेवात में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में गर्मी से बेहोश होकर जमीन पर गिरीं छात्राएं, अस्पताल में कराया भर्ती