नूंह को मिली नई वन रेंज, सीलखो पहाड़ पर बनेगा मुख्यालय; अवैध खनन पर हो सकेगी प्रभावी निगरानी
नूंह जिले को अरावली क्षेत्र में वन संरक्षण और वन्यजीवों की निगरानी मजबूत करने के लिए नई तावड़ू वन रेंज ...और पढ़ें

वन्यजीवों की निगरानी को और मजबूत करने के उद्देश्य से नूंह जिले को नई तावड़ू वन रेंज मिल गई है।
HighLights
नूंह जिले को मिली नई तावड़ू वन रेंज की सौगात।
सीलखो अरावली पहाड़ पर स्थापित होगा रेंज का मुख्यालय।
अवैध खनन, अतिक्रमण पर प्रभावी निगरानी में मिलेगी मदद।
संवाद सहयोगी, तावड़ू। अरावली क्षेत्र में वन संरक्षण और वन्यजीवों की निगरानी को और मजबूत करने के उद्देश्य से नूंह जिले को नई तावड़ू वन रेंज मिल गई है। हरियाणा वन विभाग ने नई रेंज के गठन को मंजूरी देते हुए इसके संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। नई रेंज का मुख्यालय सीलखो अरावली पहाड़ स्थित वन विभाग परिसर में बनाया जाएगा। इससे अरावली क्षेत्र में विभागीय गतिविधियों और निगरानी व्यवस्था को स्थानीय स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जिला वन अधिकारी प्रवीण यादव ने बताया कि नई रेंज का गठन हरियाणा फारेस्ट मैनुअल के प्रावधानों के तहत किया गया है। नई रेंज में तावड़ू और मोहम्मदपुर अहीर खंड शामिल किए गए हैं। इसके अंतर्गत तावड़ू, धुलावट,सीलखो, मोहम्मदपुर अहीर,सूंध और सेहसोला समेत आसपास के क्षेत्रों की वन बीटें शामिल रहेंगी। रेंज के लिए अलग रेंज अधिकारी और अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी।
अतिक्रमण और वन अपराधों पर निगरानी अधिक प्रभावी
उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था से अरावली क्षेत्र में अवैध खनन, अतिक्रमण और वन अपराधों पर निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। साथ ही विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
विभाग ने इसके साथ ही नूंह वन रेंज का भी पुनर्गठन किया है।
सीमाएं नक्शों पर चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू
नूंह, रेवासन और मालब खंड के अंतर्गत नूंह, नल्हड़, छपेड़ा, रेवासन, बसई, इंडरी, कोटला और मेवली बीटों को शामिल किया गया है। दोनों रेंजों की अंतिम सीमाएं नक्शों पर चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दक्षिण वन संरक्षक और नूंह के प्रभागीय वन अधिकारी को सीमांकन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों ने हाल ही में सीलखो पहाड़ क्षेत्र का निरीक्षण किया है। जल्द ही नई रेंज का मुख्यालय स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
