विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नूंह में भ्रष्टाचार पर एसीबी का बड़ा प्रहार, पुलिस इंस्पेक्टर और शिक्षा विभाग का क्लर्क गिरफ्तार

By Mohd. HarunEdited By: Sonu Suman
Published: Mon, 07 Sep 2026 08:28 PM (GMT+05:30)

नूंह में एसीबी की दो टीमों ने पुलिस विभाग के इंस्पेक्टर और शिक्षा विभाग के क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे ...और पढ़ें

आरोपित क्लर्क और थाना प्रभारी को पकड़कर ले जाती एसीबी की टीम।

आरोपित क्लर्क और थाना प्रभारी को पकड़कर ले जाती एसीबी की टीम।

HighLights

  1. नूंह में एसीबी ने दो अलग-अलग रिश्वत मामलों में कार्रवाई की।

  2. पुलिस इंस्पेक्टर कुंदन 50 हजार, क्लर्क शाकिर 25 हजार लेते पकड़े गए।

  3. सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार पर एसीबी की लगातार कार्रवाई जारी।

जागरण संवाददाता नूंह। जिले में एसीबी की दो अलग अलग टीमों ने दो अलग अलग मामलों में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग और शिक्षा विभाग के दो कर्मचारियों को कुल 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एक ही दिन में हुई इस दोहरी कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है।

अंबाला एसीबी की टीम ने पुन्हाना शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन को 50 हजार रुपये तथा जिला शिक्षा कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी शाकिर निवासी घुड़ावली को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर कुंदन के पास पिनगवां थाने में दर्ज पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म से जुड़े एक मामले की जांच थी। आरोप है कि उन्होंने मामले में एक आरोपित का नाम निकालने के बदले शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पुन्हाना से रंगे हाथों पकड़ा

शिकायत मिलने पर फरीदाबाद एसीबी ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया और सोमवार को उन्हें 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पुन्हाना से रंगे हाथों पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी ने मौके से भागने का प्रयास भी किया, लेकिन एसीबी टीम ने उन्हें तत्काल काबू कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है।

शिक्षक का मेडिकल बिल पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप

वहीं दूसरी कार्रवाई में जिला शिक्षा कार्यालय में कार्यरत क्लर्क शाकिर को एक शिक्षक का मेडिकल बिल पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर उसे 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।

शिक्षा विभाग में कार्रवाई एसीबी अंबाला की टीम ने इंस्पेक्टर राजेंद्र के नेतृत्व में की। कार्रवाई के दौरान नवीन कुमार, डीपी कुरुक्षेत्र को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। शिकायतकर्ता की पहचान संजीव शर्मा निवासी अंबाला के रूप में हुई है।

सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए

बता दें कि पिछले दो महीनों के दौरान नूंह जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो बिजली विभाग, पेंशन विभाग और पुलिस विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई कर चुका है। लगातार सामने आ रहे रिश्वतखोरी के मामलों ने सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेष रूप से पुलिस विभाग एक बार फिर चर्चा में है, क्योंकि जिले में पुलिस भ्रष्टाचार को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं।

यह भी पढ़ें- नूंह में अरावली की तलहटी के पास तीन साल के नर तेंदुए का शव बरामद, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सुलझेगी गुत्थी