विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी शाहिद ढेर, गो-तस्करी और एटीएम चोरी का था मास्टरमाइंड

Published: Thu, 15 Oct 2026 07:15 PM (IST)

नूंह में पुलिस मुठभेड़ में गो-तस्करी और एटीएम चोरी का कुख्यात अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी मारा गया। उसके खिलाफ 41 ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, नूंह। गो-तस्करी और एटीएम चोरी की वारदातों के लिए कुख्यात वांछित अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी बृहस्पतिवार अलसुबह भिरावटी गांव के पास पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उसके दो साथी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गए।

शाहिद के विरुद्ध अलग-अलग थानों में करीब 41 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें गो-तस्करी, एटीएम चोरी, लूट, चोरी, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा और दुष्कर्म जैसे मामले शामिल हैं। उधर, मुठभेड़ को फर्जी बताते हुए शाहिद के स्वजन और स्थानीय लोगों ने नल्हड़ स्थित मेडिकल कालेज में शव के साथ धरने पर बैठ गए हैं। घटना की मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है।

सुबह करीब 4 बजे मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे फिरोजपुर झिरका सीएस स्टाफ को सूचना मिली थी कि तावड़ू क्षेत्र के खरखड़ी गांव निवासी शाहिद उर्फ आडवाणी थार गाड़ी में गोवंश भरकर ले जा रहा है। इसके बाद नूंह-गुरुग्राम सीमा के नजदीक नाकाबंदी की गई।

भिरावटी गांव के पास संदिग्ध थार को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने पुलिस वाहन को टक्कर मारने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपित ने टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में शाहिद को गोली लगी, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।

रोजका मेव थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, ग्रामीणों का आरोप है कि शाहिद ने आत्मसमर्पण कर दिया था, लेकिन पुलिस ने मुठभेड़ दिखाकर उसकी हत्या कर दी।

2005 से अपराध की दुनिया में सक्रिय, हिरासत से भी हुआ था फरार

पुलिस रिकार्ड के अनुसार, 34 वर्षीय शाहिद वर्ष 2005 से आपराधिक गतिविधियों में शामिल था। उसके विरुद्ध छांयसा में दो, राजेंद्रा पार्क में चार, मानेसर में चार, गुरुग्राम सेक्टर-चार में चार, शिवाजी नगर में चार, गुरुग्राम सदर में एक, पटौदी में एक, सोहना में एक, तावड़ू में 13, फिरोजपुर झिरका में एक, हसनपुर में एक, भिवाड़ी में एक, सदर रेवाड़ी में दो और जाटूसाना में एक मामला दर्ज है, इसके अलावा चार अन्य मामलों में आरोपित नामजद है।

छानबीन जारी है। ऐसे में मामलों की संख्या और बढ़ सकती है। पुलिस के मुताबिक, शाहिद एटीएम चोरी और लूट की वारदातों में भी वांछित था। वह वर्ष 2018 में गुरुग्राम पुलिस की हिरासत से फरार हो गया था। इस मामले में दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब उसके विरुद्ध दर्ज मामलों की दोबारा पड़ताल कर रही है।

मामले को लेकर मजिस्ट्रेट जांच शुरू हो गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपित और उसके साथियों ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में यह घटना हुई। आरोपित के विरुद्ध कहां-कहां मामले दर्ज हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। संभावना है कि मामलों की संख्या और बढ़ सकती है।
-डॉ. अर्पित जैन, पुलिस अधीक्षक, नूंह