विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

13 गांवों को मिली राहत: 16 सालों बाद बदहाल स्वास्थ्य केंद्र में शुरू हुईं सेवाएं, अब नहीं जाना पड़ेगा 10 KM दूर

Published: Mon, 19 Oct 2026 05:33 PM (IST)

नाई नंगला गांव में 16 साल से वीरान पड़े स्वास्थ्य सब सेंटर में आखिरकार स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हो गई हैं। ...और पढ़ें

16 सालों का इंतजार खत्म (AI-Generated image)

16 सालों का इंतजार खत्म (AI-Generated image)

HighLights

  1. 16 साल बाद नाई नंगला सब सेंटर में सेवाएं शुरू।

  2. सरपंच के प्रयासों और जागरण की खबर का असर।

  3. 13 गांवों के लोगों को गांव में मिलेगी दवा।

शेरसिंह चांदोलिया, मेवात (नगीना)। नाई नंगला गांव में करीब 16 सालों से वीरान पड़े स्वास्थ्य सब सेंटर में आखिरकार स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से बदहाल पड़े इस केंद्र पर अब मरीजों को खांसी, जुकाम, बुखार सहित अन्य छोटी-मोटी बीमारियों की दवा मिलने लगी है।

इससे नाई नंगला सहित आसपास के करीब 13 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि दैनिक जागरण में इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के करीब डेढ़ माह बाद स्वास्थ्य केंद्र में दवा मिलने की सुविधा शुरू हुई है। इससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

2010 में हुआ था स्वास्थ्य सब सेंटर का निर्माण

ग्रामीणों के अनुसार, नाई नंगला गांव में साल 2010 में करीब 25 लाख रुपये की लागत से स्वास्थ्य सब सेंटर का निर्माण कराया गया था। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को गांव के नजदीक ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था, लेकिन निर्माण के बाद लंबे समय तक केंद्र वीरान पड़ा रहा।

लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार और दवाइयों के लिए भी दूसरे स्थानों पर 10 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। इससे समय और पैसे की बर्बादी होती थी। ग्रामीण लंबे समय से इस केंद्र को चालू कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। आखिरकार कड़ी मेहनत से लोगों स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हो गई हैं।

सरपंच ने निजी खर्च से कराई सफाई

गांव की सरपंच आरिशा तफज्जुल ने स्वास्थ्य केंद्र को शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के समक्ष दर्जनों बार पत्राचार कर केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने की मांग उठाई।

केंद्र की बदहाल स्थिति को देखते हुए सरपंच ने अपने निजी खर्च से साफ-सफाई का कार्य भी कराया, ताकि यहां स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने का रास्ता साफ हो सके। ग्रामीणों की मांग और दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद अब केंद्र में दवा मिलने की सुविधा शुरू हो गई है।

13 गांवों के लोगों को गांव में ही मिलेगी राहत

स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने पर यासिर, एसएमसी चेयरमैन, हाजी अब्बास, हाजी हनीफ, हाजी सगीर, तफज्जुल हुसैन, समसू, कासम, युनस सहित दर्जनों ग्रामीणों ने दैनिक जागरण अखबार का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से अब सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए दूर जाने की परेशानी कम होगी।

लोगों ने उम्मीद जताई कि केंद्र में नियमित रूप से दवाइयां उपलब्ध रहेंगी और स्वास्थ्य सेवाएं लगातार जारी रहेंगी। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से यह भी मांग की कि केंद्र में जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जाए, ताकि आसपास के 13 गांवों के लोगों को इसका पूरा लाभ मिल सके।

'स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। अब यहां हर मरीज का उपचार किया जा रहा है। यहां के लगभग 13 गांवों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।'

डॉ. आशिक खान, इंचार्ज स्वास्थ्य केंद्र नाई नंगला।

'अपने निजी खर्चे पर साफ सफाई और अन्य काम कराएं हैं। जरूरत पड़ी तो आगे भी कराएंगे। बाकी दैनिक जागरण अखबार ने हमारी समस्या को प्रमुखता से उठाया हम आभारी हैं।'

आरिशा तफज्जुल, सरपंच नाई नंगला

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में ठप हुईं स्वास्थ्य सेवाएं, काली पट्टी बांधकर धरने पर बैठे NHM कर्मचारी; लखनऊ कूच की चेतावनी

यह भी पढ़ें- आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से डिजिटल होगी स्वास्थ्य सेवाएं, काशी में विशेषज्ञों ने साझा की कार्ययोजना