नूंह में रिश्वत लेते तावड़ू सदर थाने की महिला हेड कॉन्स्टेबल गिरफ्तार, एसीबी ने 15 हजार रुपये के साथ दबोचा
फरीदाबाद एसीबी ने तावड़ू सदर थाना परिसर में हेड कांस्टेबल प्रियंका को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें
-1786856721866_m.webp)
HighLights
हेड कांस्टेबल प्रियंका 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ी गईं।
फरीदाबाद एसीबी ने तावड़ू सदर थाना परिसर में कार्रवाई की।
लापता महिला के केस से नाम हटाने के लिए मांगी थी रिश्वत।
संवाद सहयोगी, तावड़ू (नूंह)। फरीदाबाद एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बृहस्पतिवार को तावड़ू सदर थाना परिसर में कार्रवाई करते हुए हेड कॉन्स्टेबल प्रियंका को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। कार्रवाई थाना परिसर स्थित महिला कक्ष में की गई और करीब पांच घंटे तक एसीबी की टीम मौके पर जांच में जुटी रही। गिरफ्तारी के बाद थाना परिसर में हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला करीब चार महीने पहले तावड़ू उपमंडल के एक गांव से युवती के लापता होने से जुड़ा है। जांच के दौरान युवती को फरीदाबाद के धौज गांव स्थित एक महिला के मकान से बरामद किया गया था। पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में उक्त महिला को भी आरोपित बनाया था। आरोप है कि मामले की जांच कर रही हेड कॉन्स्टेबल प्रियंका ने आरोपित महिला का नाम केस से हटाने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
रिश्वत की मांग से परेशान महिला ने इसकी शिकायत फरीदाबाद एसीबी से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी टीम ने बृहस्पतिवार को जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार महिला कक्ष में रिश्वत की रकम लेते ही टीम ने हेड कॉन्स्टेबल प्रियंका को दबोच लिया। मौके से 15 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की गई।
बताया जा रहा है कि शुरुआती शिकायत में दो पुलिसकर्मियों के नाम सामने आए थे, हालांकि फिलहाल एसीबी ने हेड कॉन्स्टेबल प्रियंका को ही गिरफ्तार किया है। एसीबी अधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी लग चुके हैं भ्रष्टाचार के आरोप
सूत्रों के अनुसार, हेड कॉन्स्टेबल प्रियंका के खिलाफ पूर्व में भी भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें सामने आती रही हैं। बताया गया है कि वर्ष 2020-21 में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया के कार्यकाल के दौरान उन्हें एएसआई से हेड कॉन्स्टेबल पद पर डिमोशन किया गया था। अब एक बार फिर रिश्वत के मामले में एसीबी की कार्रवाई से पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है।
