ससुर के खिलाफ उठाई यौन शोषण की आवाज तो दिया तीन तलाक
नूंह में महिला के साथ ससुर ने दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता ने आवाज उठाई तो पति ने पिता की हरकतों का विरोध करने की बजाय पत्नी को तलाक भेज दिया।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर झिरका (नूंह): तीन तलाक और हलाला के खिलाफ पूरे देश में जोरदार चल रही मुहिम के बावजूद महिलाओं के साथ अत्याचार लगातार जारी है। ताजा मामला नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका का है। यहां एक महिला के साथ उसके ससुर ने ही दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता ने ससुर के खिलाफ आवाज उठाई तो पति ने साथ देने की बजाय स्पीड पोस्ट से तलाकनामा भिजवा दिया। पीड़िता ने पुलिस से फरियाद लगाई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरी में उसने अब कोर्ट की शरण ली है।
पीड़िता के अनुसार वह और उसकी बड़ी बहन की शादी एक ही घर में हुई है। एक साल पहले उसका गौना हुआ, तब से वह अपनी ससुराल में रहती आ रही है। आरोप है कि ससुर गंदी नजर रखता है। 22 जुलाई की रात 10 बजे वह अपने कमरे में लेटी हुई थी, तभी ससुर कमरे में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता ने शोर मचाया तो घर में मौजूद बड़ी बहन उसे बचाने के लिए आई। विरोध करने पर ससुर ने उसे व उसकी बहन को बुरी तरह मारा और फिर रात में घर के अन्य सदस्यों के सहयोग से दोनों बहनों को जंगल में फेंक दिया। राहगीरों ने उन्हें घर पहुंचाया। 23 जुलाई को पीड़िता ने अपने साथ हुई हैवानियत की शिकायत संबंधित थाना पुलिस से की। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। वहीं दूसरी ओर पति ने उसे उसी दिन तलाक देकर डाक के जरिये तलाकनामा भेज दिया। पीड़िता ने फिर पुलिस से शिकायत की लेकिन इस बार भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया है। अब हरकत में आई पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कराए हैं। जांच अधिकारी कृष्ण देवी का कहना है कि महिला की शिकायत के बाद पीड़ित और आरोपित पक्ष के बयान दर्ज कर लिए गए थे। इसमें कार्रवाई जारी हैं।