विशेष पखवाड़े के तहत शुरू हुआ सफाई अभियान
स्वच्छ भारत अभियान के तहत नगर पालिका प्रशासन ने शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त और बेहतर बनाने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की है।
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका: स्वच्छ भारत अभियान के तहत नगर पालिका प्रशासन ने शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त और बेहतर बनाने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। पालिका प्रशासन के विशेष पखवाड़े के तहत शहर को गंदगी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए शहर को चार जोन में बांटकर गंदगी मुक्त अभियान को युद्ध स्तर पर चलाने का निर्णय लिया गया है।
बता दें कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में फिरोजपुर झिरका की नगर पालिका को लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान हासिल हुआ है। अपनी स्वच्छता सर्वेक्षण की रैकिग को और भी बेहतर बनाने की दिशा में पालिका प्रशासन ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान छेड़ा है। अभियान के तहत शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में पालिका प्रशासन ने लोगों का सहयोग मांगा है। चार जोन में बांटा गया शहर
नगर पालिका प्रशासन ने सफाई के विशेष पखवाड़े के तहत शहर को चार जोन में बांटने का निर्णय लिया है। पालिका प्रशासन ने शहर के सभी 15 वार्डो को चार जोन में विभाजित किया है। प्रत्येक जोन में 7 से 8 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। सभी कर्मचारी मिलकर जोन की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का काम करेंगे। इसके अतिरिक्त एक सफाई प्रभारी व तीन जमादार प्रतिदिन कामकाज का निरीक्षण कर उच्च अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में नगर पालिका प्रशासन द्वारा एक विशेष सफाई अभियान चलाया गया है। 15 दिनों तक चलने वाले इस पखवाड़े में शहर को गंदगी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। लोगों से अपील है कि वो शहर को स्वच्छता के मामले में बेहतर बनाने में नगर पालिका प्रशासन का सहयोग करें।
अशोक गुर्जर, चेयरमैन नगर पालिका फिरोजपुर झिरका