गर्भवती महिला को जहर देकर मारने वाले पुलिस गिरफ्त से दूर
जारी था। लेकिन 12 जून 201
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर झिरका : खंड के गांव नहारिका में दहेज लोभी ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा गर्भवती महिला को जहर देकर मार देने के आरोपित अभी तक पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। मामला अब से करीब आठ माह पूर्व का है। इस मामले में ससुराल पक्ष के कुल 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज है, जिनमें से पुलिस एक आरोपित यानी मृतका के पति को गिरफ्तार कर पाई है। पीड़िता के माता-पिता अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। पीड़ित परिवार ने एसपी संगीता कालिया से न्याय की गुहार लगाई है।
बता दें कि गांव जमालगढ़ के शौकत पुत्र इस्माइल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसने अपनी बेटी सुहालिया की शादी गांव नहारिका के मौसम के साथ अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज देकर की थी। शादी के बाद से ही सुहालिया के ससुराल पक्ष के लोग उसे और दहेज लाने के लिए परेशान कर रहे थे।
आरोपितों का यह सितम लगातार जारी था। लेकिन 12 जून 2018 के दिन आरोपितों ने मिलकर उनकी बेटी को दहेज न लाने के पीछे जहर दे दिया, जिसके बाद उसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मृतक सुहालिया के पिता ने उसके पति मौसम व समीम, अलीशेर, राहुल, वसीम, आमीनी, उमरा, सलीम, शौकत, रूक्की, तबस्सुम के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा फाइल किया था।
मामला दर्ज करने के करीब आठ माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस मामले से जुड़े आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पीड़ित शौकत ने पुलिस पर आरोपितों से मिलीभगत करने का आरोप लगाया है।