विनोद सैनी आत्महत्या मामला, चार सप्ताह बाद भी गिरफ्तारी नहीं; परिजनों ने दिया 7 दिन का अल्टीमेटम
नारनौल में विनोद सैनी आत्महत्या मामले में चार सप्ताह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों और समर्थकों ...और पढ़ें
-1794654340771_m.webp)
नामजद तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर। जागरण
HighLights
चार सप्ताह बाद भी विनोद सैनी के आरोपी गिरफ्तार नहीं।
परिजनों ने पुलिस जांच पर गंभीर सवाल उठाए, असंतुष्ट।
प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम, काला मार्च की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, नारनौल। 13 पन्नों का सुसाइड नोट, पुलिस अधीक्षक से चार बार और मुख्यमंत्री से एक बार न्याय की गुहार... लेकिन करीब चार सप्ताह बीतने के बाद भी विनोद सैनी आत्महत्या प्रकरण में नामजद तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
अब परिजन और समर्थकों का सब्र जवाब देने लगा है। शनिवार को पत्रकार वार्ता कर पुलिस जांच पर गंभीर सवाल उठाए गए। साथ ही प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि इस अवधि में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो शहर में काला मार्च निकालकर आंदोलन किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में एडवोकेट प्रमोद तरेडिया और दीक्षित सैनी ने कहा कि परिवार मौजूदा जांच से संतुष्ट नहीं है। उनका आरोप है कि जांच सही दिशा में आगे नहीं बढ़ रही। प्रमोद तरेडिया ने बताया कि विनोद सैनी ने 13 पन्नों के सुसाइड नोट में चार बार पुलिस अधीक्षक और एक बार मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए न्याय की गुहार लगाई थी। इसके बावजूद अब तक किसी नामजद आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई।
बता दें कि विनोद सैनी और किन्नर समाज के दूसरे गुट के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक की पत्नी ने नामजद तीन किन्नरों पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
दो वीडियो वायरल होने के बाद ज्यादा आहत हुए थे विनोद
एडवोकेट का दावा है कि विनोद सैनी अपनी पत्नी और बेटियों के खिलाफ कथित झूठे लांछन लगाए जाने से मानसिक रूप से आहत थे। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि 20 अक्टूबर को आरोपी पक्ष की ओर से सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल किए गए थे। इन वीडियो से विनोद और अधिक आहत हुए थे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मामला पैसे के लेनदेन का नहीं, बल्कि परिवार के सम्मान से जुड़ा है। प्रमोद तरेडिया ने कुछ आला अधिकारियों पर जांच को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश किए जाने की आशंका भी जताई।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में लापरवाही या अनियमितता सामने आई तो जांच अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल की मांग की जाएगी। पत्रकार वार्ता में आरोपी पक्ष की एक किन्नर के पाकिस्तान से कथित संबंधों को लेकर भी आरोप लगाए गए, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
न्याय नहीं मिला तो हम भी जान दे देंगे
पत्रकार वार्ता के दौरान दीपक नामक व्यक्ति भावुक हो गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर किसी बड़े अधिकारी के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि न्याय नहीं मिला तो वे सभी भी आत्महत्या कर लेंगे। उनकी इस चेतावनी से मामले की गंभीरता और बढ़ गई।
कई ठिकानों पर दबिश
उधर, पुलिस के अनुसार 23 अक्टूबर को गठित विशेष जांच दल (एसआइटी) अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सैनी की निगरानी में जांच कर रहा है। नामजद आरोपितों की तलाश में कई बार दबिश दी गई है। मोबाइल, सोशल मीडिया गतिविधियों और वीडियो की तकनीकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने यह भी बताया कि उसके पहुंचने से पहले ही शव को नीचे उतारा जा चुका था। इस पहलू की भी जांच हो रही है। एएसपी वीरेंद्र सैनी ने कहा कि किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होगा और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्या है विनोद सैनी आत्महत्या प्रकरण?
20 अक्टूबर की रात
नारनौल में मंगलमुखी समाज के प्रधान विनोद सैनी की डेरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। आत्महत्या से पहले उन्होंने वीडियो बनाया और सुसाइड नोट छोड़ा। डेरे में विनोद सैनी का शव फंदे पर मिला। उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वीडियो में उन्होंने तीन किन्नरों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे।
21 अक्टूबर
किन्नरों के नृत्य का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। इससे स्वजन और समर्थक आक्रोशित हो गए। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नागरिक अस्पताल से शहर थाना तक प्रदर्शन हुआ।
22 अक्टूबर
पोस्टमॉर्टम के बाद स्वजन ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। अंतिम संस्कार के बाद स्वजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग उठाई।
23 अक्टूबर
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया। इसकी निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह को सौंपी गई।
12 नवंबर
जांच में डेरे की महिला चौकीदार का लाई डिटेक्टर परीक्षण करवाने की तैयारी की खबर दैनिक जागरण के माध्यम से सामने आई।
14 नवंबर
परिजन और समर्थकों ने पत्रकार वार्ता कर सात दिन का अल्टीमेटम दिया। गिरफ्तारी नहीं होने पर काला मार्च निकालने की चेतावनी दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।