गीता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक : ओमप्रकाश
जागरण संवाददाता, नारनौल : गीता महोत्सव के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को नगरमाता चामुंडा देवी मंि
जागरण संवाददाता, नारनौल : गीता महोत्सव के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को नगरमाता चामुंडा देवी मंदिर से विधायक ओमप्रकाश यादव ने भगवत गीता पूजन एवं हवन के बाद पालकी व कलशयात्रा को रवाना किया। यहां ठीक 12 बजे एक साथ गीता श्लोकोच्चारण भी हुआ। इस मौके पर उपायुक्त डॉ. गरिमा मित्तल भी मौजूद रही।
इस मौके पर विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि भगवत गीता भगवान श्रीकृष्ण के श्रीमुख से निकला वह अमर संदेश है, जिसको सुनकर कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि के मध्य मोहग्रस्त अर्जुन अवसाद भरी स्थिति से उबरकर धर्मयुद्ध के लिए तैयार हो जाता है। इसी तरह गीता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जब हर रोज अनगिनत अर्जुन जीवन के रणक्षेत्र की चुनौतियों से पलायन कर निराशा भरा कुंठित जीवन जीने के लिए अभिशप्त है। आज के युग में इसी अवसाद भरी दशा से उबारने में भी गीता का संदेश उसे सही राह दिखाता है।
चामुंडा देवी मंदिर से शुरू हुई यह कलशयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सभागार भवन पहुंची। यात्रा के आगे-आगे ढोल, बीन व बाजे की टोलियां चली। इसके पीछे महिलाओं का जत्था कलश लिए निकला तथा उसके पीछे भगवद्गीता का रथ रवाना हुआ। शहर में इस यात्रा का जगह-जगह पर स्वागत किया। श्रीकृष्ण कृपा सेवा समिति के सदस्यों की देखरेख में चली यह शोभायात्रा तीन घंटे के बाद सभागार में पहुंची।
इससे पहले विधायक ने सभागार में गीता महोत्सव के अवसर पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस मौके पर सीएमओ डीएन बागड़ी व डीआरओ मातूराम नेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।