भगवान का नाम लेकर शुरू किए गए कार्य में मिलती है सफलता : कृष्णानंद
प्रभु का नाम लेकर किए गए कार्य में सफलता मिलती है।
संवाद सहयोगी कनीना : प्रभु का नाम लेकर किए गए कार्य में सफलता मिलती है। जिस कार्य को करने से पहले उस परमपिता का नाम लिया जाता है। उसको पूर्ण कराने में वह स्वयं उस में भागीदारी निभाता है। उक्त विचार कृष्णानंद महाराज ने बुधवार को शरद पूर्णिमा के उपलक्ष्य में ब्रह्मचारी कृष्णा नंद धाम पर किए गए विश्व शांति यज्ञ के उपरांत भक्त जनों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर बोलते हुए कृष्णानंद महाराज ने कहा कि हम अपने जीवन में जो भी कार्य करते हैं उसकी शुरुआत परमपिता के नाम से की जाए तो अवश्य ही उसमें सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि शरद पूर्णिमा के दिन यज्ञ दान और तप का बड़ा ही महत्व है। पूर्णिमा के दिन जो दान और तप किया जाता है उसका फल हमें बढ़कर मिलता है। उन्होंने बताया कि पूर्णिमा के दिन मीठा भोजन कराने से बहुत लाभ होता है गौ माता को गुड़ खिलाने से सभी मनोकामना पूर्ण होती है । शरद पूर्णिमा पर खीर बनाकर उसमें विभिन्न प्रकार के मेवा मिष्ठान डालकर उसे रात को चंद्र देव की रोशनी में रखना चाहिए और बाद में सुबह भगवान को भोग लगाकर परिवार में बांटना चाहिए। खीर में भगवान चंद्र देव की अमृतमयी किरणें पड़ती है जो उसे अमृत बना देती हैं। जो भी इस अमृत तुल्य प्रसाद को ग्रहण करता है उसकी बीमारियां अपने आप खत्म हो जाती हैं।