राष्ट्रीय एथलेटिक्स में संदीप कुमार ने मैराथन रेस वॉक में जीता स्वर्ण पदक
संदीप कुमार ने 65वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की मैराथन रेस वॉक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। महेंद्रगढ़ ...और पढ़ें
-1791713335241_m.webp)
राष्ट्रीय एथलेटिक्स में संदीप कुमार ने मैराथन रेस वॉक में जीता स्वर्ण पदक ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
संदीप कुमार ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।
उन्होंने मैराथन रेस वॉक 3 घंटे 19 मिनट 52 सेकंड में पूरी की।
महेंद्रगढ़ के संदीप ने भारतीय सेना से हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया।
जागरण संवाददाता , नारनौल। 42.195 किलोमीटर का लंबा सफर, कदम-कदम पर धैर्य की परीक्षा और घंटों तक रफ्तार बनाए रखने की चुनौती। इन सभी कसौटियों पर खरा उतरते हुए महेंद्रगढ़ जिले सुरेती जाखल गांव के संदीप कुमार ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्णिम सफलता हासिल की।
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित 65वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में संदीप ने पुरुषों की मैराथन रेस वाक स्पर्धा में तीन घंटे 19 मिनट 52 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा की खेल प्रतिभा का दम फिर दिखाया।
संदीप कुमार ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट में सूबेदार के पद पर सेवाएं दे रहे संदीप कुमार ने सेना की टीम के बजाय हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
अनुशासन और शारीरिक क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले सेना के इस जवान ने लंबी दूरी की चुनौतीपूर्ण स्पर्धा में अपनी मेहनत और निरंतरता का परिचय दिया। आठ से 11 अक्टूबर तक आयोजित चैंपियनशिप में उनका प्रदर्शन हरियाणा के एथलेटिक्स खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बना है।
तीन घंटे से अधिक की रेस में बनाए रखा दम
मैराथन रेस वाक में केवल तेज चलना ही काफी नहीं होता, बल्कि पूरी दूरी तक तकनीक, गति और सहनशक्ति का संतुलन बनाए रखना पड़ता है। संदीप ने इस चुनौती को पार करते हुए सबसे पहले फिनिश लाइन छुई।
मध्य प्रदेश के विश्वेंद्र सिंह ने तीन घंटे 21 मिनट 11 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीता, जबकि एसएससीबी के रेशम मिधुन ने तीन घंटे 22 मिनट 46 सेकंड में रेस पूरी कर कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह संदीप ने दूसरे स्थान पर रहे खिलाड़ी से एक मिनट 19 सेकंड पहले रेस पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
खजान सिंह ने हासिल किया सातवां स्थान
पंजाब के राजनप्रीत सिंह तीन घंटे 24 मिनट 50 सेकंड के समय के साथ चौथे और उत्तराखंड के संदीप सिंह तीन घंटे 27 मिनट 37 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे। हरियाणा के ही खजान सिंह ने तीन घंटे 34 मिनट पांच सेकंड का समय निकालकर सातवां स्थान हासिल किया।
स्पर्धा में राम बाबू समेत पांच खिलाड़ी रेस पूरी नहीं कर सके। राम बाबू फिनिश लाइन से करीब पांच किलोमीटर पहले ही प्रतियोगिता से हट गए। संदीप कुमार की स्वर्णिम सफलता पर खेल प्रेरक हरियाणा अधिवक्ता राजनारायण पंघाल ने उन्हें बधाई दी।
