हिसार के केजीबीवी में छात्रा से मारपीट, बाल पकड़कर घुमाने पर हंगामा
हिसार के कुंभाखेड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्रा को एक शिक्षक ने कथित तौर पर बिना कारण पीटा और बाल खींचे।
-1791712106738_m.webp)
केजीबीवी में छात्रा को पीटा, बाल पकड़कर घुमाने पर हंगामा।
HighLights
केजीबीवी हिसार में छात्रा को शिक्षक ने पीटा
शिक्षक पर बिना कारण मारपीट, बाल खींचने का आरोप
स्वजनों ने स्कूल में हंगामा किया, शिकायत की तैयारी
जागरण संवाददाता, हिसार। कुंभाखेड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एक बार फिर विवादों में है। संबंधित स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा नौवीं की एक छात्रा ने एक शिक्षक पर बिना कारण मारपीट करने का आरोप लगाया है। बाल पकड़कर अनावश्यक खींचने के आरोप भी शिक्षक पर जड़े हैं।
जैसे ही छात्रा ने स्वजन को घटना की जानकारी दी तो वे स्कूल पहुंच गए और मारपीट करने का कारण पूछा। शिक्षक संतोषजनक जवाब नहीं दे सकें। यह देख स्वजन ने 30 मिनट तक हंगामा किया। ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामले को किसी तरह शांत करवाया।
सीनियर्स संग पत्र लिख रही थी छात्रा
पीड़ित छात्रा ने बताया कि वह नौवीं कक्षा में पढ़ती है। वह कक्षा से बाहर बैठकर सीनियर्स संग पत्र लिख रही थी। उस दौरान एक शिक्षक आए और बिना कुछ पूछे उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
पीड़िता ने बताया कि इस दौरान उसने कारण बताने का प्रयास किया लेकिन शिक्षक ने एक भी नहीं सुनी और उसके बाल पकड़कर खींचे। असहाय दर्द होने के कारण वह 20 मिनट तक रोई। यह देख अन्य स्टाफ ने जब कारण पूछा तो शिक्षक ने सही बर्ताव नहीं किया।
मेरी पोती को अनावश्यक शिक्षक ने मारा है। उसका कोई कसूर नहीं था। उसके बावजूद बेरहमी से पोती को मारना शिक्षक को शोभा नहीं देता। हम पढ़ने के लिए अपने बेटियों, पोतियों व बेटों को भेजते हैं। अगर कोई गलती करे तो उसे धमकाए व मारे भी। लेकिन अनावश्यक मारपीट करना गलत है। इस बारे में सरपंच से बातकर शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया जाएगा।- इंद्र, पीड़ित छात्रा के दादा, कुंभाखेड़ा
