पंचायत चुनावों की सरगर्मियां तेज, मतदाता सूची तैयार करने में जुटे ग्राम सचिव
पंचायतों का कार्यकाल नजदीक आते ही प्रदेश में पंचायती चुनावों की सरगर्मियां तेज हो गई है।
संवाद सहयोगी, नांगल चौधरी: पंचायतों का कार्यकाल नजदीक आते ही प्रदेश में पंचायती चुनावों की सरगर्मियां तेज हो गई है। राज्य चुनाव आयोग के आदेशानुसार पंचायतों में वार्ड वाइज मतदाता सूची तैयार होनी है। पत्र मिलने पर खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने भी मतदाता सूची तैयार करने के ग्राम सचिवों को आदेश जारी कर दिए हैं। इससे सभी ग्राम सचिव पंचायत स्तर पर वार्ड वाइज मतदाता सूची तैयार करने में जुटे हैं। यह कार्य भी इसी महीने के अंत तक पूरा किया जाना जरूरी है। विधानसभा मतदाता सूची को ही आधार मानकर पंचायती चुनावों के लिए वार्ड वाइज मतदाता सूची तैयार की जानी है। राज्य में अब पंचायती चुनाव का बिगुल बजना है। हालांकि पंचायतों का कार्यकाल फरवरी महीने में पूरा होना है। लेकिन राज्य चुनाव आयोग ने प्रदेश में पंचायती चुनाव करवाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए सबसे अहम कार्य वार्ड वाइज मतदाता सूची तैयार करना है। कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रदेश में पंचायती चुनाव अप्रैल या मई में करवाए जा सकते हैं। फरवरी में पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होना है। लेकिन फरवरी व मार्च में स्कूली बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो जाती है। जिससे शिक्षक परीक्षाएं संपन्न करवाने में जुट जाते हैं। कोविड-19 के चलते जनवरी में चुनाव करवाने का रिस्क सरकार लेती नजर नहीं आ रही है। इससे अप्रेल व मई में ही पंचायती चुनाव होने की संभावना बनती है। यदि सरकार चाहे तो जनवरी में भी चुनाव करवाए जा सकते हैं। बीडीपीओ के आदेश मिलते ही सभी ग्राम सचिव वार्ड वाइज मतदाता सूची तैयारी में जुट गए हैं।